Delhi News : पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के कई सांसद दिल्ली स्थित गृह मंत्रालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंच गए। प्रदर्शन शुरू होते ही माहौल गरमा गया और दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए नेताओं को वहां से हटाया। प्रदर्शन के दौरान TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन, महुआ मोइत्रा, शताब्दी रॉय, कीर्ति आजाद समेत कई नेता मौजूद थे। नारेबाजी तेज होते ही पुलिस ने डेरेक ओ’ब्रायन और महुआ मोइत्रा को हिरासत में ले लिया और पुलिस वैन में बैठाकर ले गई। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
हिरासत में लिए जाने से पहले महुआ मोइत्रा ने कहा कि यह पूरी कार्रवाई लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देश देख रहा है कि दिल्ली पुलिस एक निर्वाचित सांसद के साथ किस तरह का व्यवहार कर रही है। महुआ ने दावा किया कि बीजेपी ऐसे हथकंडों से राजनीतिक लड़ाई नहीं जीत पाएगी।
Delhi में सियासी टकराव
TMC सांसद कीर्ति आजाद ने ED की रेड को गलत और पक्षपातपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल चुनावी फायदे के लिए किया जा रहा है। उनके मुताबिक यह तरीका लोकतंत्र को कमजोर करता है और जनता इसे समझ रही है। शताब्दी रॉय ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, तब ED और CBI को आगे कर दिया जाता है। उनका दावा था कि जांच एजेंसियों के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश की जा रही है, लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है।
ममता बनर्जी के आरोपों से जुड़ा मामला
बता दें कि यह पूरा विवाद उस वक्त और बढ़ा जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोयला तस्करी मामले में I-PAC के दफ्तर में हुई ED की रेड पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी ने पार्टी से जुड़े अहम दस्तावेज, हार्ड डिस्क और रणनीतिक डेटा जब्त कर लिया। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पार्टी की उम्मीदवार सूची और रणनीति जब्त करना ED या गृह मंत्री का काम है। साथ ही उन्होंने बीजेपी को बंगाल आकर लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
ED ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कार्रवाई पूरी तरह सबूतों के आधार पर की गई है। एजेंसी के अनुसार यह मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी नियमित जांच है, किसी राजनीतिक दल या चुनाव को निशाना नहीं बनाया गया है। एजेंसी ने साफ किया कि किसी पार्टी ऑफिस में सर्च नहीं की गई।
Read More : Kolkata ED Raid पर सियासी भूचाल, CM ममता के दखल से गरमाई राजनीति





