Cricket News : मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव का असर केवल अंतरराष्ट्रीय राजनीति या व्यापार तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि खेल जगत भी इससे प्रभावित हुआ है। इसी वजह से वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की क्रिकेट टीमें कई दिनों तक भारत में फंसी रहीं। दरअसल इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव के कारण पश्चिम एशिया के कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसी कारण दोनों टीमों की वापसी की योजना भी टल गई थी।
खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित तरीके से स्वदेश भेजने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने पहल की। आईसीसी ने दोनों टीमों के लिए विशेष चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था की, जिससे उनकी वापसी संभव हो सकी।
Cricket
यह फ्लाइट 10 मार्च को दोपहर करीब 2:30 बजे भारत से रवाना होगी और सीधे जोहान्सबर्ग पहुंचेगी। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम वहां से आगे अपनी अंतिम मंजिल एंटीगुआ के लिए रवाना होगी। फिलहाल भारत में वेस्टइंडीज के 12 खिलाड़ी और उनके साथ 10 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ मौजूद हैं। दूसरी ओर साउथ अफ्रीका की टीम के भी 12 खिलाड़ी और दो सपोर्ट स्टाफ सदस्य भारत में ही ठहरे हुए थे। एयरस्पेस बंद होने के कारण उनकी फ्लाइट लगातार टलती रही और उन्हें भारत में ही रुकना पड़ा। इस दौरान टीमों के लिए अस्थायी इंतजाम किए गए थे।
बदल चुके हैं रूट
हालात को देखते हुए कुछ खिलाड़ियों ने पहले ही वैकल्पिक रास्तों से यात्रा शुरू कर दी थी। खबरों के मुताबिक वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी सिंगापुर के रास्ते रवाना होने की तैयारी में थे। वहीं टीम के कुछ अन्य खिलाड़ी भी अलग-अलग मार्गों से अपने देश लौटने की कोशिश कर रहे थे। इसी तरह साउथ अफ्रीका के केशव महाराज, जॉर्ज लिंडे और जैसन स्मिथ पहले ही न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो चुके हैं।
साउथ अफ्रीका के कुछ खिलाड़ियों के जल्द रवाना होने की वजह आगामी अंतरराष्ट्रीय सीरीज भी है। दरअसल न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच 15 मार्च से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होनी है। ऐसे में टीम के कुछ खिलाड़ियों को समय पर वहां पहुंचना जरूरी था, इसलिए उन्होंने दूसरे रूट का सहारा लिया।
कोलकाता में रुकी रही वेस्टइंडीज टीम
वेस्टइंडीज की टीम कोलकाता में ही ठहरी हुई थी। टीम ने 1 मार्च को भारत के खिलाफ अपना सुपर-8 मुकाबला हारने के बाद शहर नहीं छोड़ा था, क्योंकि उसके बाद उड़ानों का संचालन प्रभावित हो गया था। वहीं साउथ अफ्रीका की टीम भी 4 मार्च को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हारने के बाद ईडन गार्डन्स से वापस नहीं जा सकी थी। अब विशेष फ्लाइट के जरिए दोनों टीमें आखिरकार अपने घर लौटने जा रही हैं।
Raed More : Ishan Kishan ने फाइनल से एक दिन पहले खोए सगे संबंधी




