Home » राजनीति » Asha Bhosle Funeral: सुरों की मल्लिका आशा भोसले का आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, पढ़ें अपडेट

Asha Bhosle Funeral: सुरों की मल्लिका आशा भोसले का आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, पढ़ें अपडेट

Asha Bhosle
Asha Bhosle

Asha Bhosle Funeral : भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का रविवार 12 अप्रैल को 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके जाने से फिल्म और संगीत इंडस्ट्री में शोक की लहर है। आज सोमवार को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। आशा ताई के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। यहां फिल्मी सितारों, राजनेताओं और उनके चाहने वालों का लगातार आना-जाना लगा हुआ है। हर कोई उन्हें नम आंखों से विदाई देने पहुंच रहा है।

अभिनेत्री तब्बू भी आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंचीं। इस दौरान वह काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने आशा ताई की पोती जनाई भोसले को गले लगाकर सांत्वना दी, जिससे माहौल और भी भावुक हो गया।

Asha Bhosle Funeral

मशहूर सैंड आर्टिस्ट मानस साहू ने भी आशा भोसले को अनोखे अंदाज में श्रद्धांजलि दी। उन्होंने रेत पर उनका सैंड एनीमेशन बनाकर उनके योगदान को याद किया, जिसे लोग काफी सराह रहे हैं। जानकारी के अनुसार, आशा भोसले को सीने में संक्रमण और ज्यादा थकान की शिकायत के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि कुछ ही घंटों बाद उन्होंने वहीं अंतिम सांस ली।

शिवाजी पार्क में होगा अंतिम संस्कार

दादर पश्चिम स्थित शिवाजी पार्क श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया है और उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। मशहूर संगीतकार एआर रहमान भी उन्हें श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे। उन्होंने आशा ताई के पार्थिव शरीर के दर्शन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी। एक्ट्रेस राखी सावंत ने भी उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि आशा भोसले जैसी महान गायिका को खोना पूरे देश के लिए बड़ी क्षति है।

नेताओं ने भी जताया दुख

महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में उनकी आशा भोसले से मुलाकात हुई थी और उनका जाना उनके लिए निजी क्षति जैसा है। आशा भोसले को राजकीय सम्मान दिया जा रहा है। अंतिम संस्कार से पहले उन्हें पुलिस की ओर से सलामी भी दी जाएगी। प्रशासन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हीं, गायिका और विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि हम सभी उनके गाने सुनते हुए बड़े हुए हैं। उनके गानों ने कई पीढ़ियों को जोड़ा है। उनका जाना एक युग के अंत जैसा है।

सीखने की ललक थी खास पहचान

म्यूजिक कंपोजर निखिल कामत ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि आशा भोसले की सबसे बड़ी खासियत उनकी सीखने की भूख थी। इतनी बड़ी कलाकार होने के बावजूद वह हर गाने को नए अंदाज से सीखने की कोशिश करती थीं। आशा भोसले भले ही अब हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनकी आवाज हमेशा जिंदा रहेगी। उनके गाए हजारों गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं और आने वाली पीढ़ियां भी उन्हें इसी तरह याद करती रहेंगी।

Read More : Shukra करेंगे 14 मई को गोचर, इन 3 राशियों की चमकेगी किस्मत

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?