Agra Metro News : आगरा में मेट्रो परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने दिसंबर से आगरा कैंट से आगरा कॉलेज के बीच मेट्रो सेवा शुरू करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए पहले चरण का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों के अनुसार ट्रैक का अधिकांश काम पूरा हो चुका है, जबकि स्टेशनों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। नवंबर में मेट्रो का ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी है, ताकि सभी तकनीकी परीक्षण समय रहते पूरे किए जा सकें।
आगरा का दूसरा मेट्रो कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक विकसित किया जा रहा है। इसकी कुल लंबाई करीब 16 किलोमीटर है और इस रूट पर 14 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। पहले चरण में आगरा कैंट, सदर बाजार, प्रतापपुरा, कलेक्ट्रेट और आगरा कॉलेज स्टेशन तक मेट्रो का संचालन होगा।
Agra Metro
आगरा कॉलेज स्टेशन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि बाकी चार स्टेशनों पर भी तेजी से काम चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अगले तीन से चार महीनों में इन स्टेशनों का निर्माण भी पूरा कर लिया जाएगा। यूपीएमआरसी के अधिकारियों के मुताबिक आगरा कॉलेज तक करीब 90 प्रतिशत ट्रैक बिछाया जा चुका है। अब स्टेशन भवनों और अन्य तकनीकी सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेट्रो संचालन से पहले नवंबर में ट्रायल रन होगा, जिसमें ट्रैक, सिग्नलिंग, बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। सभी परीक्षण सफल रहने पर दिसंबर में यात्रियों के लिए सेवा शुरू कर दी जाएगी।
बढ़ेगा नेटवर्क
मेट्रो परियोजना का दूसरा चरण आगरा कॉलेज से कालिंदी विहार तक तैयार किया जा रहा है। भगवान टॉकीज से वाटर वर्क्स तक लगभग 80 प्रतिशत ट्रैक का निर्माण पूरा हो चुका है। सुल्तानगंज पुलिया पर स्टेशन बनाने के लिए पिलर तैयार किए जा रहे हैं, जबकि यमुना नदी पर बनने वाले पुल का निर्माण भी जारी है। इस पुल को मेट्रो ट्रैक से जोड़ा जाएगा, जिससे पूरा कॉरिडोर एक साथ संचालित हो सकेगा।
जाम से राहत
यूपीएमआरसी का लक्ष्य अगले वर्ष मार्च तक पूरे कॉरिडोर का निर्माण पूरा करने का है। परियोजना पूरी होने के बाद आगरा के लोगों को शहर में करीब 30 किलोमीटर तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक मेट्रो सेवा मिलेगी। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा, ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और रोजाना यात्रा करने वाले हजारों लोगों का समय भी बचेगा। अधिकारियों का मानना है कि मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
Read More : NEET UG Result: आगरा के काव्य सिंह ने घर पर सेल्फ स्टडी से रचा इतिहास, एससी कैटेगरी में हासिल की 53वीं रैंक




