Ayodhya Janakpur Train : अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए रेल सफर आसान होने जा रहा है। अब इस रूट पर यात्रा करने के लिए बार-बार ट्रेन या दूसरी सवारी बदलने की जरूरत नहीं होगी। भारतीय रेलवे ने दोनों धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए साप्ताहिक सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू की है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने 23 नवंबर 2026 को इस ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाई। नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू होगी। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग 19 घंटे लगेंगे।
Ayodhya Janakpur Train
भारत और नेपाल के बीच यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों को वीजा की जरूरत नहीं होती। हालांकि, सीमा पार करते समय भारतीय नागरिकता साबित करने के लिए वैध दस्तावेज दिखाना जरूरी है।
- पासपोर्ट: वैध भारतीय पासपोर्ट मान्य है।
- वोटर आईडी: चुनाव आयोग की ओर से जारी मूल फोटो वाला वोटर आईडी कार्ड भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
- आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस को नेपाल यात्रा के लिए वैध दस्तावेज नहीं माना गया है इसलिए केवल इन पहचान पत्रों के भरोसे यात्रा न करें।
दस्तावेजों की जांच
ट्रेन अयोध्या से चलकर मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर होते हुए नेपाल पहुंचेगी। जयनगर स्टेशन पर करीब दो घंटे का ठहराव होगा। इसी दौरान यात्रियों के पहचान पत्र और सामान की जांच की जाएगी। इसमें कस्टम विभाग, एसएसबी, आरपीएफ और जीआरपी के जवान शामिल होंगे।
#WATCH अयोध्या, उत्तर प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह आज ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। यह एक नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा है जो उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलेगी।
(अयोध्या जंक्शन से ट्रेन का वीडियो।)
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 23, 2026
नेपाली नागरिकों को भारत आने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती। वे पहचान के लिए नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र या पासपोर्ट जैसे दस्तावेज रख सकते हैं। वहीं, भारत और नेपाल के अलावा किसी तीसरे देश के नागरिकों पर उनकी राष्ट्रीयता के अनुसार अलग वीजा नियम लागू होंगे। ऐसे यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले रेलवे और इमिग्रेशन अधिकारियों से जानकारी लेनी चाहिए।
पहले रखें ये सावधानियां
भारतीय वयस्क यात्री मूल पासपोर्ट या वोटर आईडी साथ रखें। बच्चों के साथ सफर करने पर उनके जन्म प्रमाणपत्र और माता-पिता के पहचान पत्र भी रखें। टिकट और पहचान पत्र अलग-अलग सुरक्षित रखें, ताकि जयनगर में जांच के दौरान परेशानी न हो।
Read More : Nigeria Boat Accident: अंतिम संस्कार में जा रहे लोगों की नाव पलटी, 24 की मौत; 24 यात्रियों को बचाया गया





