US Air Traffic Control : अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया। इस घटना के बाद अब जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कहीं इसके पीछे साइबर हमला या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका तो नहीं थी। बता दें कि अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने शुक्रवार को कहा कि शुरुआती जांच में साइबर अटैक या किसी अनियंत्रित AI के इस्तेमाल का कोई प्रमाण नहीं मिला है।
फिलहाल, मशीनों और पुराने तकनीकी उपकरणों में खराबी की आशंका ज्यादा है। हालांकि, उन्होंने जांच पूरी होने से पहले किसी भी संभावना को पूरी तरह खारिज करने से इनकार किया। यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को देखते हुए देशभर में उड़ानों को रोकने का फैसला लिया गया।
US Air Traffic Control
मुलिन के मुताबिक, अब तक इंटरनेट पर संदिग्ध गतिविधि, सिस्टम में बाहरी घुसपैठ या किसी संगठन की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने जैसी जानकारी सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि जांच टीमें सक्रिय हैं और सभी जरूरी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनके अनुसार, यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। गृह सुरक्षा मंत्री ने परिवहन मंत्री सीन डफी की उस मांग का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कांग्रेस से फंड देने की अपील की थी।
डफी के अनुसार, स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 3:36 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल और टर्मिनल रडार अप्रोच कंट्रोल (TRACON) केंद्रों के रडार व संचार सिस्टम में दिक्कत शुरू हुई थी। इससे अधिकारियों को विमानों से मिलने वाले रडार डेटा और कम्युनिकेशन सिग्नल में परेशानी आने लगी।
आसमान में थे 3500 से ज्यादा विमान
सीन डफी ने बताया कि उड़ानें रोकने का आदेश जारी होने के समय 3500 से अधिक विमान हवा में थे। सभी को सुरक्षित लैंड कराया गया। मेडिकल इमरजेंसी, जरूरी दवाइयां पहुंचाने वाले कार्गो विमानों और कानून प्रवर्तन से जुड़ी उड़ानों को छूट दी गई थी। परिवहन मंत्री के मुताबिक, पुराने टेलीकम्युनिकेशन उपकरण एनालॉग तकनीक पर आधारित हैं। अचानक अधिक डेटा आने से स्विच और राउटर के जरिए सूचनाओं के आदान-प्रदान में परेशानी हुई। वहीं, नए इंटरनेट प्रोटोकॉल (IP) स्विच काम करते रहे। इसी वजह से अब पुराने उपकरणों की मरम्मत के बजाय पूरी व्यवस्था बदलने की मांग उठ रही है।
FAA ने हटाई रोक
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर में उड़ानों पर लगाई गई रोक हटा दी है। एजेंसी के मुताबिक, सभी विमानों का पता लगा लिया गया था और किसी विमान का हिसाब बाकी नहीं था। फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटअवेयर के अनुसार, इस गड़बड़ी से करीब 7,000 उड़ानें देरी से चलीं या रद्द हुईं। इस व्यवधान का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा। एयर इंडिया ने अमेरिका आने-जाने वाले यात्रियों को सलाह दी कि एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें। एयरलाइन ने शेड्यूल प्रभावित होने की आशंका जताई है। फिलहाल अमेरिकी एजेंसियां तकनीकी खराबी की वजह का पता लगाने में जुटी हैं।
Read More : UP Politics 2027: अखिलेश यादव ने बदली रणनीति, PDA में अब वैश्य-ब्राह्मण और महिलाओं को जोड़ने की तैयारी




