ODI World Cup 2027 : क्रिकेट प्रशंसकों के लिए वनडे विश्व कप 2027 से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आई है। आगामी टूर्नामेंट का कार्यक्रम 2 अक्टूबर को जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और क्रिकेट साउथ अफ्रीका केप टाउन में विश्व कप के शेड्यूल की घोषणा कर सकते हैं। इसी के साथ टूर्नामेंट शुरू होने की एक साल की उल्टी गिनती भी शुरू हो जाएगी। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम जारी होने के साथ ही टिकटों की बिक्री को लेकर भी जानकारी दी जा सकती है। हालांकि, आधिकारिक कार्यक्रम सामने आने के बाद ही मुकाबलों की तारीखों और टीमों की स्थिति स्पष्ट होगी।
वनडे विश्व कप 2027 की शुरुआत 2 अक्टूबर को होने की संभावना है। खास बात यह है कि इसी दिन महात्मा गांधी की जयंती भी मनाई जाती है। ऐसे में टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में भारत और दक्षिण अफ्रीका को आमने-सामने उतारने की चर्चा चल रही है।
ODI World Cup 2027
दोनों देशों के साथ महात्मा गांधी का ऐतिहासिक संबंध रहा है। गांधीजी ने दक्षिण अफ्रीका में रहते हुए नस्लीय भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया था। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज को भी फ्रीडम ट्रॉफी के नाम से जाना जाता है, जिसमें गांधी और नेल्सन मंडेला की विरासत को सम्मान दिया जाता है। इस बार वनडे विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है। तीनों देशों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका इससे पहले भी वनडे विश्व कप की मेजबानी कर चुका है।
आयोजन की तैयारियों के बीच क्रिकेट प्रशंसकों को अब मैचों के आयोजन स्थलों और तारीखों का इंतजार है। शेड्यूल जारी होने के बाद यह भी स्पष्ट होगा कि भारतीय टीम अपने शुरुआती मुकाबले किन मैदानों पर खेलेगी।
इतनी टीमें लेंगी हिस्सा
आईसीसी के घोषित टूर्नामेंट प्रारूप के अनुसार, वनडे विश्व कप 2027 में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के नाते सीधे प्रवेश मिलेगा, जबकि बाकी टीमों का चयन वनडे रैंकिंग और क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट के आधार पर किया जाएगा। नामीबिया सह-मेजबान जरूर है, लेकिन उसे विश्व कप में खेलने के लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा। वेस्टइंडीज सहित अन्य टीमों की अंतिम स्थिति भी निर्धारित पात्रता प्रक्रिया के बाद साफ होगी।
टूर्नामेंट में 14 टीमों को सात-सात के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की बाकी छह टीमों के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। इसके बाद दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन-तीन टीमें सुपर सिक्स चरण में प्रवेश करेंगी।
भारतीय टीम पर रहेंगी नजरें
सुपर सिक्स के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें विश्व कप के आधिकारिक कार्यक्रम पर टिकी हैं। खासतौर पर पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों के खिलाफ संभावित मुकाबलों को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। फिलहाल भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच उद्घाटन मुकाबले की चर्चा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शेड्यूल जारी होने के बाद ही भारतीय टीम के ग्रुप, मुकाबलों की तारीख और आयोजन स्थलों की पूरी जानकारी सामने आएगी।
Read More : IND vs NZ: मैदान पर नहीं, कैमरे के सामने चोटिल हुआ ये खिलाड़ी, टी20 सीरीज से बाहर; वनडे में वापसी पर भी सवाल




