Bolivia Explosion : दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार को एक सैन्य अड्डे पर हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। पश्चिमी शहर वियाचा में हुए इस हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि कम से कम 58 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की संख्या 10 से 15 के बीच हो सकती है। विस्फोट के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है। पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद है।
बोलीविया के रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो के मुताबिक, विस्फोट स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। जिस जगह धमाका हुआ, वहां रक्षा मंत्रालय के पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था।
Bolivia Explosion
विस्फोट की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्टॉक में मौजूद सामग्री में किस वजह से आग या विस्फोट हुआ। रक्षा मंत्री के अनुसार, हादसे में घायल हुए लोगों में बड़ी संख्या आम नागरिकों की है। करीब 52 नागरिक घायल हुए हैं, जबकि बाकी घायल सैन्यकर्मी बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को इलाज के लिए ला पाज के अस्पतालों में भेजा गया है। इनमें एक बच्ची भी शामिल है, जो करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई है। गंभीर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।
घरों को पहुंचा नुकसान
विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ गए। कई मकानों की खिड़कियां टूट गईं और दूसरे ढांचों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर अभी भी गर्मी का एक स्रोत मौजूद है। इसके चलते वहां दोबारा विस्फोट होने का खतरा बना हुआ है।
सुरक्षा को देखते हुए लोगों को घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने के लिए कहा गया है। राहत और बचाव दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने और इलाके को सुरक्षित करने पर है। साथ ही विस्फोट के कारणों की जांच भी जारी है।
Read More : Miss World 2026 का ग्रैंड फिनाले आज, भारत की निकिता पोरवाल पर नजर; पढ़ें 75 साल का इतिहास




