Gorakhpur News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार दोपहर दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के पंचम स्थापना दिवस समारोह को संबोधित किया। सीएम ने युवाओं को बदलती दुनिया की चुनौतियों के लिए तैयार होने की सलाह देते हुए कहा कि विद्यार्थियों का लक्ष्य केवल परीक्षा पास करना या नौकरी हासिल करना नहीं होना चाहिए। उन्हें वास्तविक जीवन की समस्याओं को समझकर उनका समाधान तलाशने वाला इनोवेटर और एंटरप्रेन्योर बनना चाहिए।
योगी ने कहा कि विश्वविद्यालयों की भूमिका सिर्फ डिग्री और ज्ञान देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। इन्हें समाज और देश के विकास की प्रयोगशाला के तौर पर काम करना होगा। विश्वविद्यालयों में तैयार होने वाला ज्ञान कक्षाओं और किताबों तक सीमित न रहे, बल्कि किसानों, उद्योगों और आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने में इस्तेमाल हो।
Gorakhpur में बोले CM योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस श्रद्धा को विश्वास, विश्वास को आत्मनिर्भरता और आत्मनिर्भरता को विकास से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने गोरक्षपीठ की शिक्षा परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया कि 1932 में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की स्थापना के साथ शिक्षा के क्षेत्र में एक पहल शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि उस समय गोरखपुर में आवागमन की सुविधाएं सीमित थीं, जबकि आज सड़क और रेलवे कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आया है।
संसाधनों से होगा विकास
योगी ने कहा कि समाज की जरूरतें केवल सरकार की आलोचना करने से पूरी नहीं होंगी। उपलब्ध संसाधनों और सामूहिक प्रयासों के जरिए भी विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद आज अलग-अलग क्षेत्रों में 50 से ज्यादा संस्थाएं संचालित कर रही है। वहीं महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय की शुरुआत तीन डिसिप्लीन से हुई थी और अब यहां 53 डिसिप्लीन संचालित हो रहे हैं।
तकनीक से जोड़ने पर जोर
सीएम ने भारत की हजारों वर्ष पुरानी ऋषि परंपरा और ज्ञान को आधुनिक विज्ञान, रिसर्च और टेक्नोलॉजी से जोड़ने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि योग, नेचुरोपैथी और मेडिसिनल प्लांट्स से जुड़ा पारंपरिक ज्ञान केवल पुस्तकों में दर्ज होकर नहीं रहना चाहिए। प्रयोगशालाओं और आधुनिक शोध के जरिए इस ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में काम होना चाहिए। योगी ने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल केवल मशीनों को आधुनिक बनाने के लिए नहीं, बल्कि रोजमर्रा की समस्याओं का बेहतर समाधान निकालने के लिए होना चाहिए।
जनपद देवरिया में सलेमपुर एवं भाटपार रानी विधान सभा क्षेत्रों में ₹305 करोड़ की विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में…https://t.co/pX0IRKhbiT
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 29, 2026
खेती में ड्रोन के जरिए फसलों की निगरानी और सटीक छिड़काव किया जा सकता है। सॉयल टेक्नोलॉजी से मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और स्मार्ट इरिगेशन के जरिए पानी की बचत करने में मदद मिल सकती है।
हेल्थ हब बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास युवा शक्ति, कृषि क्षमता और उद्यमिता की बड़ी ताकत है। इन्हें सही अवसरों से जोड़कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने गोरखपुर को उत्तर प्रदेश की संभावनाओं का द्वार बताते हुए कहा कि इसे एजुकेशन, हेल्थ केयर और एग्रीकल्चर हब के रूप में विकसित करने की क्षमता है। योगी ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें खुद को केवल कर्मचारी बनने तक सीमित नहीं रखना चाहिए। बदलती दुनिया में आगे बढ़ने के लिए स्किल, इच्छाशक्ति और समस्या का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करनी होगी। हर युवा को यह सोचने की जरूरत है कि वह अपनी प्रतिभा और ज्ञान से समाज और देश के लिए क्या योगदान दे सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा, रिसर्च, निवेश, स्टार्टअप और रोजगार को जोड़ने वाला बेहतर इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। विश्वविद्यालयों को भी इंडस्ट्री और समाज की जरूरतों से जुड़ी रिसर्च पर जोर देना होगा। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री अवसर और बाजार उपलब्ध करा सकती है, जबकि युवा इनोवेशन और एंटरप्राइज के जरिए नई संभावनाएं पैदा कर सकते हैं।
कल्याण मंडपम का लोकार्पण
मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम गोरखनाथ मंदिर में शिक्षा विभाग की बैठक को संबोधित करेंगे। शनिवार को वह राप्तीनगर के बशारतपुर में बने कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। जीडीए ने इसे मुख्यमंत्री की विधायक निधि से तैयार किया है। यहां अंत्योदय कार्डधारकों को 11 हजार रुपये और सामान्य लोगों को 21 हजार रुपये में आयोजन की सुविधा मिलने की बात कही गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री नगर निगम की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
Read More : Shukra Rashi Parivartan: 2 सितंबर से इन 3 राशियों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, इन मामले में रहें सतर्क




