UP Weather : उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश के बाद नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर पहुंचने के कारण प्रशासन ने रामघाट को बंद कर दिया है। वहीं गंगा समेत कई अन्य नदियों का पानी भी खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया है। अवध के कई जिलों में भी नदियों के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में हादसे भी सामने आए।
जौनपुर और प्रयागराज में दीवार गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। अमेठी समेत कुछ अन्य जिलों से भी बारिश के कारण नुकसान और हादसों की खबरें सामने आई हैं। प्रयागराज और वाराणसी में गंगा के उफान पर होने से नदी किनारे के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है।
UP Weather
बुधवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का असर देखने को मिला। प्रतापगढ़ में सबसे अधिक 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रयागराज में 119.8 मिमी, हरदोई में 101 मिमी, मुजफ्फरनगर में 64.3 मिमी और गोंडा में 60 मिमी बारिश हुई। मध्य प्रदेश से सटे जिलों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को बुंदेलखंड के झांसी, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर और जालौन में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 23 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मांगे आपात इंतजाम
प्रयागराज में बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने बारिश का पानी 24 से 48 घंटे के भीतर निकालने के लिए आपात कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त को मोरी गेट और दारागंज समेत जलभराव वाले क्षेत्रों से पंप लगाकर पानी निकालने तथा जिलाधिकारी को पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
घर तक पहुंचा पानी
न्यायमूर्ति अजित कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने स्वत: संज्ञान मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि जलभराव के कारण निचले इलाकों में बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी खतरा पैदा हो रहा है। सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा अदालत में मौजूद रहे।
Read More : Hariyali Teej पर सास-बहू मिलन सप्ताह, महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा




