Agra News : रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। प्रयागराज और उधना के बीच चलने वाली साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का अब आगरा के ईदगाह स्टेशन पर भी ठहराव होगा। ट्रेन के ठहराव से शहर के यात्रियों को प्रयागराज जाने में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही राजस्थान के कई प्रमुख शहरों और गुजरात तक सीधी रेल कनेक्टिविटी भी उपलब्ध होगी। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम के मुताबिक, गाड़ी संख्या 20437 का ईदगाह स्टेशन पर ठहराव 24 अगस्त से शुरू होगा।
यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार सुबह 5:20 बजे प्रयागराज से रवाना होकर दोपहर 12:35 बजे ईदगाह पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद दोपहर 12:40 बजे उधना के लिए रवाना होगी। इससे गुजरात और राजस्थान से लौटने वाले यात्रियों को रात में आगरा उतरने की सुविधा मिलेगी।
Agra को मिली रेल सुविधा
प्रयागराज से उधना के बीच चलने वाली यह ट्रेन बयाना, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, रतलाम और वडोदरा होते हुए उधना पहुंचेगी। इससे इन शहरों में व्यापार, रोजगार, शिक्षा और अन्य कामों के लिए जाने वाले आगरा के यात्रियों को सीधा रेल विकल्प मिलेगा। वापसी में गाड़ी संख्या 20438 उधना से 25 अगस्त से प्रत्येक मंगलवार सुबह 6:45 बजे रवाना होगी। ट्रेन रात 9:55 बजे ईदगाह स्टेशन पहुंचेगी और पांच मिनट ठहरने के बाद रात 10 बजे प्रयागराज के लिए रवाना होगी।
धार्मिक यात्रा आसान
ईदगाह पर ठहराव होने से आगरा के श्रद्धालुओं के लिए प्रयागराज जाकर संगम स्नान करना आसान होगा। वहीं, ट्रेन के रास्ते में आने वाले हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम और वडोदरा जैसे शहरों में धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी। सवाई माधोपुर का रणथंभौर, कोटा के पर्यटन स्थल और वडोदरा का लक्ष्मी विलास पैलेस यात्रियों के लिए प्रमुख आकर्षण हैं। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से इन क्षेत्रों में पर्यटन के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर नौकरी, कारोबार और पढ़ाई के लिए नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को इस नई सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा।
Read More : B.Ed Result के 1 महीने बाद भी नहीं मिली अंकतालिका, STET आवेदन को लेकर छात्रों की बढ़ी चिंता




