UP T20 League 2026 : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण का भव्य आगाज हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुए उद्घाटन समारोह में संगीत, ड्रोन शो और क्रिकेट का शानदार संगम देखने को मिला। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लीग के चौथे सीजन की शुरुआत की।
इस दौरान पूरा स्टेडियम रोशनी और देशभक्ति के रंग में नजर आया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश अपनी आजादी की 80वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है और ऐसे मौके पर यूपी टी-20 लीग का शुभारंभ प्रदेश के लिए खास अवसर है।
UP T20 League 2026
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दे रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन का जिक्र करते हुए कहा कि स्वस्थ और फिट युवा ही देश को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने क्रिकेट प्रेमियों से स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील भी की। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और यूपीसीए के अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि लीग के माध्यम से करीब 200 से 250 खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
शुरू हुआ क्रिकेट का सफर
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद सभी टीमों के कप्तान मंच पर पहुंचे और लीग की ट्रॉफी का अनावरण किया गया। समारोह में अतिथियों को स्मृति चिह्न भी दिए गए। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। उद्घाटन समारोह की शुरुआत पंजाबी गायिका जैस्मीन सैंडलस की दमदार प्रस्तुति से हुई। उन्होंने ‘धुरंधर’ के थीम गीत के अलावा कई लोकप्रिय गाने पेश कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद शंकर महादेवन और उनके बेटों सिद्धार्थ व शिवम महादेवन ने भी शानदार प्रस्तुति दी।
दिखा यूपी टी-20 का जलवा
समारोह का सबसे आकर्षक हिस्सा भव्य ड्रोन शो रहा। आसमान में यूपी टी-20 लीग का लोगो, क्रिकेट गेंद, ट्रॉफी, सभी छह टीमों के नाम, तिरंगा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर नजर आई। पहले मुकाबले में काशी रुद्रास और मेरठ मावरिक्स आमने-सामने उतरीं, जिसके साथ लीग के नए सीजन का रोमांच शुरू हो गया।
Read More : Hariali Teej 2026: स्वर्ण-रजत हिंडोले पर विराजे बांकेबिहारी, लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन




