UP ITI Admission 2026 : उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग ने छात्रों को अपने आवेदन में संस्थान और ट्रेड के विकल्प बदलने या नए विकल्प जोड़ने का एक और अवसर दिया है। यह सुविधा 9 अगस्त से 12 अगस्त तक ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। व्यावसायिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रदेश में आईटीआई प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई से चल रही है।
इस दौरान भारत सरकार के डीजीटी से प्राप्त अद्यतन डायनमिक सीट मैट्रिक्स के आधार पर पोर्टल पर सीटों का पुनर्समायोजन किया गया है। इसके बाद छात्रों को संशोधित सीटों के अनुसार विकल्प बदलने का अवसर देने का निर्णय लिया गया।
UP ITI Admission 2026
विभाग के अनुसार कुछ संस्थानों में पहले से मैप की गई एनसीवीटी यूनिटों और सीटों को अनमैप किए जाने के कारण उन्हें एससीवीटी पाठ्यक्रम में परिवर्तित किया गया है। इससे एससीवीटी ट्रेडों में सीटों की संख्या बढ़ी है। वहीं जिन संस्थानों ने लंबित मैपिंग पूरी की है, वहां एनसीवीटी पाठ्यक्रमों में भी अतिरिक्त सीटें उपलब्ध हो गई हैं। अद्यतन सीट मैट्रिक्स के अनुसार सभी ऑनलाइन आवेदन कर चुके अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप 9 अगस्त से 12 अगस्त तक पोर्टल पर लॉगिन कर पसंदीदा संस्थान और ट्रेड के विकल्प बदल सकते हैं या नए विकल्प जोड़ सकते हैं। इससे छात्रों को अपनी पसंद के संस्थान और व्यवसाय में प्रवेश पाने की संभावना बढ़ेगी।
भेजी जा रही सूचना
व्यावसायिक शिक्षा विभाग ने बताया कि सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों को उनके मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी इस सुविधा की जानकारी भेजी जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अधिक से अधिक छात्र संशोधित सीटों का लाभ उठाकर अपनी पसंद के ट्रेड और संस्थान में प्रवेश प्राप्त कर सकें।
Read More : Bareilly में जमीन खरीदना महंगा, नए सर्किल रेट से बढ़ेगी रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी




