Home » उत्तर प्रदेश » CWG 2026: अलीगढ़ के धावक गुलवीर सिंह को यूपी सरकार देगी 1.25 करोड़ रुपये, दो पदकों का मिलेगा इनाम

CWG 2026: अलीगढ़ के धावक गुलवीर सिंह को यूपी सरकार देगी 1.25 करोड़ रुपये, दो पदकों का मिलेगा इनाम

CWG 2026 : कॉमनवेल्थ खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले धावक गुलवीर सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार 1 करोड़ 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देगी। यह सम्मान प्रदेश की खेल पुरस्कार नीति के तहत दिया जाएगा। गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर दौड़ में रजत और 5,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की है।

UP सरकार की खेल पुरस्कार नीति के अनुसार कॉमनवेल्थ खेलों में रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 75 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता को 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसी आधार पर गुलवीर सिंह को दोनों पदकों के लिए कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

CWG 2026

गुलवीर सिंह के शानदार प्रदर्शन ने न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। लंबी दूरी की दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतकर उन्होंने भारतीय एथलेटिक्स को नई पहचान दिलाई है। उनकी सफलता को प्रदेश के खेल जगत की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित पाल ने बताया कि पुरस्कार राशि से जुड़ी प्रक्रिया के लिए खेल निदेशालय की ओर से जो भी जानकारी मांगी जाएगी, उसे समय पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की खेल प्रोत्साहन नीति खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का काम कर रही है।

मिलेगा प्रोत्साहन

राज्य सरकार का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक सम्मान देने से अन्य खिलाड़ियों का भी मनोबल बढ़ेगा। इससे प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।

Read More : UP Politics: ‘बबुआ 12 बजे उठते थे, 7 बजे महफिल सज जाती थी’, सीएम योगी का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?