Home » उत्तर प्रदेश » Balkeshwar Mela 2026: आगरा में शिवभक्तों पर पहली बार होगी पुष्पवर्षा, परिक्रमा के लिए नगर निगम की खास तैयारी

Balkeshwar Mela 2026: आगरा में शिवभक्तों पर पहली बार होगी पुष्पवर्षा, परिक्रमा के लिए नगर निगम की खास तैयारी

Balkeshwar Mela 2026 : सावन के दूसरे सोमवार पर आयोजित होने वाले बल्केश्वर मेले को लेकर आगरा में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रविवार को हजारों शिवभक्त शहर के प्रमुख शिव मंदिरों की परिक्रमा के लिए निकलेंगे। इस बार नगर निगम श्रद्धालुओं के स्वागत को खास बनाने की तैयारी में है। पहली बार परिक्रमा में शामिल भक्तों पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया जाएगा।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में परिक्रमा को लेकर सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परिक्रमा शुरू होने से 24 घंटे पहले पूरे मार्ग की विशेष सफाई की जाए।

Balkeshwar Mela 2026

साथ ही स्ट्रीट लाइटों की जांच और जरूरत वाले स्थानों पर सड़क मरम्मत का कार्य समय रहते पूरा करने को कहा गया है। करीब 44 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। जहां जलभराव की आशंका रहती है, वहां पानी निकासी के लिए पंपसेट लगाए जाएंगे। इसके अलावा जगह-जगह शीतल पेयजल, अस्थायी पंडाल और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था रहेगी। सफाई कर्मचारी पूरे मार्ग पर तैनात रहेंगे ताकि स्वच्छता बनी रहे।

सुरक्षा के लिए होगी बैरिकेडिंग

यमुना नदी के किनारे स्थित घाटों और मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। संभावित भीड़ को देखते हुए मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे। अधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। नगर निगम ने परिक्रमा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रतिबंधित पॉलिथीन और प्लास्टिक के गिलासों के इस्तेमाल पर सख्ती करने के निर्देश दिए हैं। मार्ग में लगने वाले भंडारों पर डस्टबिन रखने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कूड़ा इधर-उधर न फैले और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके। नगर निगम का कहना है कि इस बार परिक्रमा को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर रहेगा।

Read More : Hariyali Teej पर बाजारों में फैशन की बहार, मॉडर्न एथनिक लुक और हल्के रंगों का बढ़ा क्रेज

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?