Janakpuri Mahotsav : आगरा में प्रस्तावित जनकपुरी महोत्सव 2026 को भव्य, व्यवस्थित और यादगार बनाने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन समिति ने महोत्सव स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को समिति के अध्यक्ष राजू यादव के नेतृत्व में क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी और समिति के पदाधिकारियों ने प्रस्तावित जनकपुरी क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान समिति ने केके नगर, शिवा कुंज, विनायक नगर, पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर हॉस्पिटल से भावना एस्टेट तक जाने वाले मुख्य मार्ग, गणपति आशियाना आवासीय परिसर के आसपास की सड़क, महर्षि पुरम से होली पब्लिक स्कूल तक के रास्ते तथा नेशनल हाईवे बुलेट अड्डा से महर्षि पुरम की ओर जाने वाले मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया।
Janakpuri Mahotsav
उद्देश्य यह रहा कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। समिति ने निरीक्षण के दौरान सड़कों की स्थिति, नालियों और नालों की सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता व्यवस्था और विद्युत सुविधाओं का बारीकी से आकलन किया। जिन स्थानों पर व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया गया ताकि महोत्सव शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कराए जा सकें।
रहेगा फोकस
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने बताया कि क्षेत्र में अधिक से अधिक विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके तहत नई सड़कों का निर्माण, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत, नई नालियों का निर्माण, पुराने नालों की सफाई, एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाना, विद्युत व्यवस्था को मजबूत करना, पेयजल आपूर्ति में सुधार और जलभराव की समस्या दूर करने के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही पूरे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा। समिति ने निर्णय लिया कि महोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए प्रमुख चौराहों और मार्गों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा पार्कों का विकास, दिशा-सूचक बोर्ड लगाने, पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान आयोजन समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। इनमें अरविंद शर्मा, संतोष कटारा, संजय गोयल, मनोज बंसल, राणा सुशील सिंह, नरेंद्र शर्मा, प्रभाकर शर्मा, स्वामीनाथ तिवारी, डॉ. संजीव चौहान, भूपेंद्र, निमित्त पोरवाल, शिवा यादव और ठाकुर सतीश जादौन सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। समिति का कहना है कि जनकपुरी महोत्सव 2026 को सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से भव्य बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के आधारभूत विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
Read More : Agra में 9 साल से अधूरी पड़ी यमुना बैराज और रिवरफ्रंट परियोजनाएं, CM योगी के दौरे से पहले फिर उठी मांग




