Home » उत्तर प्रदेश » Agra में 9 साल से अधूरी पड़ी यमुना बैराज और रिवरफ्रंट परियोजनाएं, CM योगी के दौरे से पहले फिर उठी मांग

Agra में 9 साल से अधूरी पड़ी यमुना बैराज और रिवरफ्रंट परियोजनाएं, CM योगी के दौरे से पहले फिर उठी मांग

Agra News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा दौरे से पहले शहर की वर्षों से लंबित विकास परियोजनाएं एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। पर्यटन उद्यमियों, होटल कारोबारियों और पर्यावरण से जुड़े लोगों ने यमुना नदी पर प्रस्तावित बैराज, ताजमहल से रामबाग तक रिवरफ्रंट और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसी परियोजनाओं को जल्द शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इन योजनाओं के पूरा होने से आगरा के पर्यटन, पर्यावरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि करीब नौ वर्ष पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताजमहल से लगभग डेढ़ किलोमीटर आगे नगला पैमा क्षेत्र में रबर डैम परियोजना का शिलान्यास किया था।

आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिलने के कारण पहले रबर डैम का प्रस्ताव निरस्त हो गया। बाद में केंद्रीय स्तर पर रबर डैम की जगह बैराज बनाने का सुझाव दिया गया, लेकिन अब यह नई परियोजना भी एनओसी की प्रक्रिया में अटकी हुई है।

Agra News

टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के पूर्व अध्यक्ष राजीव सक्सेना का कहना है कि बैराज परियोजना के लिए लगभग 250 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया जा चुका है, लेकिन इतने वर्षों बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। उनका मानना है कि यदि यह परियोजना समय पर पूरी होती तो यमुना नदी का जलस्तर बेहतर होता और ताजमहल के आसपास के क्षेत्र को भी लाभ मिलता। उन्होंने मुख्यमंत्री से बैराज निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।

फाइलों में सीमित

पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार ताजमहल से रामबाग तक यमुना किनारे रिवरफ्रंट विकसित करने की योजना भी लंबे समय से लंबित है। बताया जाता है कि इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई गई थी और यमुना के दोनों किनारों के विकास की योजना बनाई गई थी। बावजूद इसके, परियोजना अभी तक कागजी प्रक्रिया से आगे नहीं बढ़ सकी है। शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना भी अब तक साकार नहीं हो पाई है। पर्यटन और खेल जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने निर्माण के लिए सहमति जताई थी और राज्य सरकार से केवल भूमि उपलब्ध कराने की अपेक्षा थी। इसके बावजूद परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।

मिलेगी नई रफ्तार

स्थानीय पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि यमुना बैराज, रिवरफ्रंट और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसी परियोजनाएं शुरू होती हैं तो आगरा की पर्यटन क्षमता और अधिक मजबूत होगी। साथ ही स्थानीय कारोबार, रोजगार और शहर की आधारभूत सुविधाओं को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले इन परियोजनाओं को लेकर फिर से उम्मीदें बढ़ गई हैं और विभिन्न संगठनों ने सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।

Reads More : Orai को ₹1273.96 करोड़ की विकास सौगात देंगे CM योगी, 374 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?