Orai News : उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई को शनिवार को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्राउंड से करीब 1273.96 करोड़ रुपये की लागत वाली 374 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के तहत उरई, कालपी और माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत होगी। उरई विधानसभा में 195.36 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 216 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 139.56 करोड़ रुपये की 43 नई परियोजनाओं का शिलान्यास होगा।
Orai News
कालपी विधानसभा क्षेत्र में 293.79 करोड़ रुपये की 37 परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा 179.99 करोड़ रुपये की 41 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। वहीं माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 23.09 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का लोकार्पण और 442.15 करोड़ रुपये की 24 परियोजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है। जिला प्रशासन के अनुसार इस विकास पैकेज में आम लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है। उरई तहसील के लिए आधुनिक भवन, मेडिकल कॉलेज में 50 बेड की अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट, कालपी नगर की 88.53 करोड़ रुपये की पेयजल योजना, कोंच नगर की सीवरेज और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना, पुलिस लाइन में नए आवासीय भवन, मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, नए अग्निशमन केंद्र और कई प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
पर्यटन स्थलों को मिलेगा बढ़ावा
सरकार ने इस पैकेज में धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दी है। मां शीतला देवी मंदिर को जोड़ने वाले मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया गया है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा उरई तहसील परिसर में आधुनिक तकनीक से विकसित हाईटेक नर्सरी भी तैयार की गई है, जो पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
आज फतेहपुर, जालौन और आगरा के विभिन्न विधान सभा क्षेत्रों में ₹2,105 करोड़ से अधिक लागत की 552 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास होगा।
साथ ही, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र, प्रमाण-पत्र, किट एवं चेक का वितरण किया जाएगा।
जनकल्याण और विकास का…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 25, 2026
प्रशासन का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सीवरेज और नागरिक सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा। साथ ही आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की सुविधाओं के साथ विकास कार्यों का सीधा लाभ मिलेगा।
सरकार का पक्ष
लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि अपने संबोधन में वह प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
Read More : UP Scholarship के लिए आवेदन शेड्यूल जारी, ऐसे करें रजिस्ट्रेशन; जानें कब मिलेगी राशि?




