UP Scholarship 2026-27 : उत्तर प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के विद्यार्थियों (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) की पूर्वदशम (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। छात्रवृत्ति से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं राज्य सरकार के आधिकारिक पोर्टल scholarship.up.gov.in के माध्यम से पूरी की जाएंगी। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
जिन विद्यार्थियों को अपनी छात्रवृत्ति का नवीनीकरण कराना है, वे 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन की हार्ड कॉपी अपने विद्यालय में जमा कर सकेंगे। इसके बाद विद्यालय 11 अगस्त से 30 अगस्त तक विद्यार्थियों का बायोमीट्रिक सत्यापन, प्राप्तांक और उपस्थिति दर्ज कर पात्र आवेदनों को ऑनलाइन अग्रसारित करेंगे।
UP Scholarship 2026-27
विद्यालयों से आवेदन भेजे जाने के बाद 31 अगस्त से 10 सितंबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। यदि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि या संदेहास्पद जानकारी पाई जाती है, तो 17 सितंबर से 10 अक्तूबर के बीच उसमें सुधार का अवसर दिया जाएगा। पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि 29 सितंबर से 5 अक्तूबर 2026 के बीच भेजी जाएगी।
नए आवेदकों के लिए प्रक्रिया
पहली बार छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी 11 अगस्त से 5 अक्तूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। इसी अवधि में उन्हें आवेदन की हार्ड कॉपी संबंधित विद्यालय में भी जमा करनी होगी। विद्यालय स्तर पर इन आवेदनों का सत्यापन 13 अगस्त से 15 अक्तूबर तक किया जाएगा, जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय 16 अक्तूबर से 5 नवंबर तक अंतिम जांच पूरी करेगा।
मिलेगी नए छात्रों को छात्रवृत्ति
नवीन आवेदन करने वाले पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि 25 जनवरी से 31 जनवरी 2027 के बीच सीधे हस्तांतरित की जाएगी। सरकार ने सभी छात्रों को आवेदन भरते समय बैंक खाते, आधार और अन्य आवश्यक जानकारियां सही दर्ज करने की सलाह दी है, ताकि भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सरकार ने नवीनीकरण कराने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग निर्देश भी जारी किए हैं। कक्षा 10 के छात्रों के आवेदन में विद्यालय केवल कक्षा 10 में प्रवेश की तिथि और कक्षा 9 का परीक्षा परिणाम दर्ज करेगा। इसी तरह कक्षा 12 के विद्यार्थियों के आवेदन में कक्षा 12 की प्रवेश तिथि और कक्षा 11 का परीक्षा परिणाम अपडेट कर आवेदन आगे बढ़ाया जाएगा।
समय सीमा का रखें विशेष ध्यान
छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज जमा करने और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। किसी भी चरण में देरी होने पर आवेदन निरस्त हो सकता है। इसलिए छात्र समय-समय पर छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपडेट देखते रहें और अपने विद्यालय से भी संपर्क बनाए रखें।
Read More : UP में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; बिजली गिरने का अलर्ट





