UP Weather News : उत्तर प्रदेश में लगातार कई दिनों तक सक्रिय रहने के बाद मानसून ने फिलहाल थोड़ी राहत दी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला थम गया है और अब केवल कुछ जिलों में हल्की या छिटपुट बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 26 जुलाई तक राज्य में कहीं भी व्यापक या भारी वर्षा की संभावना नहीं है। हालांकि गुरुवार शाम राजधानी लखनऊ समेत कुछ जिलों में हल्की बारिश देखने को मिली, जिससे उमस से थोड़ी राहत जरूर मिली। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 24 से 26 जुलाई के बीच मानसून की गतिविधियां सामान्य से कमजोर रहेंगी।
इस दौरान बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन भारी वर्षा की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने 25 जुलाई तक प्रदेश के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में अगले दो दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने के आसार हैं।
UP Weather News
गुरुवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 27 मिमी वर्षा इटावा में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लखनऊ, कानपुर, हमीरपुर, सुल्तानपुर, अमेठी और आजमगढ़ समेत कई जिलों में भी बारिश हुई। हालांकि अधिकांश स्थानों पर बारिश का असर सीमित रहा और सामान्य जनजीवन पर इसका कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 26 जुलाई से प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसकने लगेगा, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां दोबारा तेज होंगी। इसके बाद 29 जुलाई तक तराई क्षेत्र सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
बढ़ सकती है बारिश की रफ्तार
मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में मानसून दोबारा पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। पूर्वांचल, तराई और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। ऐसे में जिन क्षेत्रों में फिलहाल मौसम साफ है, वहां भी अगले कुछ दिनों में फिर से बादल छाने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है। विशेषज्ञों ने लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
Read More : Agra Metro News: दिसंबर से आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक दौड़ेगी मेट्रो, नवंबर में शुरू होगा ट्रायल





