Hathras Business : हाथरस के युवा अब सिर्फ पारंपरिक दुकानदारी तक सीमित नहीं हैं। बदलते कारोबारी माहौल और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की बढ़ती पहुंच ने जिले के व्यापार की दिशा बदल दी है। अब युवा व्यापारी अपनी दुकानों के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी कारोबार कर रहे हैं। मोबाइल और लैपटॉप के जरिए देशभर से ऑर्डर लेकर वे अपने उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचा रहे हैं, जिससे व्यापार का दायरा पहले की तुलना में काफी बढ़ गया है। जिले में मेटल हैंडीक्राफ्ट, रेडीमेड गारमेंट्स, फुटवियर और हींग का कारोबार लंबे समय से होता आ रहा है।
अब नई पीढ़ी इन्हीं पारंपरिक व्यवसायों को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ रही है। जिन परिवारों का पहले से इन क्षेत्रों में कारोबार है, वहां के युवा कम लागत पर उत्पाद तैयार कर उन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेच रहे हैं। इससे न केवल बिक्री बढ़ी है बल्कि मुनाफे में भी इजाफा हुआ है।
Hathras Business
फुटवियर कारोबारी आर्यन अग्रवाल का कहना है कि आज के समय में बड़ा शोरूम खोलने की जरूरत नहीं रह गई है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ही सबसे बड़ा बाजार बन चुका है। इससे ग्राहकों तक सीधे पहुंच बनाई जा सकती है और मोलभाव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है। उनका कहना है कि अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पादों की रिटर्न भी बेहद कम होती है, जिससे कारोबार अधिक लाभदायक बन रहा है। हैंडीक्राफ्ट कारोबारी आशीष वर्मा के मुताबिक अब केवल दुकान खोलकर ग्राहकों के आने का इंतजार करना पर्याप्त नहीं है। व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहना जरूरी हो गया है।
ऑनलाइन माध्यम से खाली समय का बेहतर उपयोग होता है और नए ग्राहकों तक पहुंच आसान हो जाती है। इससे स्थानीय कारोबारियों को अपने उत्पाद राष्ट्रीय स्तर पर बेचने का अवसर मिल रहा है।
कारोबार किया आसान
हाथरस के व्यापारी अब दुकान पर आने वाले ग्राहकों के अलावा ऑनलाइन ऑर्डर भी स्वीकार कर रहे हैं। धार्मिक और ग्राफिक प्रिंटेड टी-शर्ट, ट्रेंडी फुटवियर, सजावटी हैंडीक्राफ्ट उत्पाद और स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाली हींग से जुड़े उत्पाद देश के विभिन्न राज्यों में भेजे जा रहे हैं। कोरियर सेवाओं के जरिए सामान सीधे ग्राहकों तक पहुंचाया जाता है, जबकि भुगतान पूरी तरह डिजिटल माध्यम से लिया जा रहा है। इससे कारोबार अधिक व्यवस्थित और तेज हो गया है। ऑनलाइन बाजार में हाथरस के कई उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। हींग, हींग वटी, हिंगोली और हींग पेड़ा जैसे उत्पाद ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।
वहीं, धार्मिक और ग्राफिक प्रिंटेड टी-शर्ट, हाफ पैंट, कैजुअल जूते-चप्पल और स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार सजावटी मेटल हैंडीक्राफ्ट उत्पाद भी अच्छी बिक्री दर्ज कर रहे हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म की बदौलत हाथरस के स्थानीय उत्पाद अब देशभर के ग्राहकों तक आसानी से पहुंच रहे हैं।




