Bareilly News : बरेली में सावन माह के अवसर पर सोमवार को नाथ नगरी जलाभिषेक समिति की ओर से भव्य जलाभिषेक शोभायात्रा निकाली गई। शिवभक्ति से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्यामगंज स्थित सेठ गिरधारी लाल मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए किला क्षेत्र स्थित प्राचीन बाबा अलखनाथ मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक और जलाभिषेक संपन्न कराया गया। सुबह करीब सात बजे श्रद्धालु श्यामगंज स्थित शिविर कार्यालय में गंगाजल से भरी गंगाजली लेकर एकत्र हुए।
जलाभिषेक समिति के महामंत्री आशुतोष अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यक्रम की शुरुआत गणेश स्तुति और नाथ नगरी चालीसा के पाठ से हुई। इसके बाद शिवभक्त हाथों में नंदी ध्वज लेकर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ अपने वाहनों से शोभायात्रा में शामिल हुए।
Bareilly News
भव्य शोभायात्रा साहू गोपीनाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग, खंडसारी नाथ मंदिर, आलमगीरगंज, कुतुबखाना और बड़ा बाजार सहित कई प्रमुख इलाकों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। शोभायात्रा के बाबा अलखनाथ मंदिर पहुंचने पर पुरोहित आशुतोष शर्मा ने वैदिक विधि-विधान के साथ सामूहिक जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कराया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर गंगाजल, बेलपत्र, पुष्प, जौ, चंदन, केसरिया वस्त्र और चांदी का मुखारविंद अर्पित कर भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने शहर की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालु रहे मौजूद
धार्मिक आयोजन में जलाभिषेक समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम में ब्रजवासी लाल अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, मनोज देवल, पंकज देवल, रितेश अग्रवाल, प्रेमशंकर, अजय अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, शोभित अग्रवाल और धर्मेश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर शिवभक्ति और धार्मिक उल्लास से गूंजता रहा।
Read More : Janta Darshan में सीएम योगी ने सुनी फरियाद, खिलाड़ियों को नौकरी का भरोसा; अधिकारियों को लगाई फटकार




