Janta Darshan : लखनऊ में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों से एक-एक कर मुलाकात की। उन्होंने सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं, आवेदन पत्र प्राप्त किए और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान कराया जाएगा। जनता दर्शन में कई खिलाड़ी भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी खेल उपलब्धियों और भविष्य की तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने खिलाड़ियों को अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को लगातार सरकारी सेवाओं में अवसर दे रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के साथ सरकारी नौकरी में भी प्राथमिकता दी जाएगी।
Janta Darshan
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों को लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों की जानकारी विस्तार से ली और संबंधित लोगों की काउंसिलिंग करते हुए समझाया कि पारिवारिक विवादों का समाधान परिवार के भीतर बैठकर आपसी संवाद से करना बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि निजी मामलों में बाहरी लोगों की अनावश्यक दखल कई बार समस्याओं को और बढ़ा देती है तथा इसका सबसे अधिक असर बच्चों पर पड़ता है।
जताई नाराजगी
जनता दर्शन में कई शिकायतें राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने फरियादियों से पूछा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कब शिकायत की थी। जब कुछ मामलों में लंबे समय तक कार्रवाई नहीं होने की जानकारी मिली तो उन्होंने नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयसीमा के भीतर मामलों का समाधान करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनका नाम और कक्षा पूछी, उन्हें चॉकलेट भेंट की और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने, मेहनत करने और अपने परिवार तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का आशीर्वाद भी दिया।
Read More : UP के इस शहर के लोग खो रहे हैं सबसे ज्यादा नींद, जलवायु परिवर्तन का बड़ा असर




