Kashi Vishwanath Temple : आस्था, श्रद्धा और स्मृतियों से जुड़ी एक भावुक कहानी काशी विश्वनाथ धाम से सामने आई है। तमिलनाडु की 80 वर्षीय महिला श्रद्धालु ने अपने दिवंगत पति और दोनों बेटों की याद में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को कुल 3 करोड़ रुपये का दान दिया है। महिला ने अपने दोनों बेटों की आत्मा की शांति के लिए दो करोड़ रुपये और मंदिर के अन्नक्षेत्र के लिए एक करोड़ रुपये का चेक मंदिर प्रशासन को सौंपा। इस दान को हाल के वर्षों में मंदिर को मिली बड़ी व्यक्तिगत धार्मिक भेंटों में शामिल माना जा रहा है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को ई-मेल के माध्यम से सूचना मिली थी कि तमिलनाडु की एक महिला मंदिर में दान देने के उद्देश्य से उनसे मिलना चाहती हैं।
इसके बाद महिला अपने प्रबंधक के साथ वाराणसी पहुंचीं और 12 जुलाई को मंडलायुक्त से मुलाकात कर तीन करोड़ रुपये के चेक सौंप दिए। महिला के पति और उनके दोनों बेटों का निधन हो चुका है। बताया गया कि उनके एक बेटे की 31 वर्ष और दूसरे की 28 वर्ष की आयु में मृत्यु हुई थी।
Kashi Vishwanath Temple
मुख्य दान राशि के अलावा महिला ने 25-25 हजार रुपये के पांच अतिरिक्त चेक भी दिए। उन्होंने इच्छा जताई कि इन पैसों का उपयोग हर वर्ष भगवान शिव के रुद्राभिषेक के आयोजन में किया जाए। मंदिर प्रशासन ने उनके संकल्प का सम्मान करते हुए बताया कि दान राशि का उपयोग नियमानुसार धार्मिक और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किया जाएगा। दान देने के बाद महिला ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से दर्शन-पूजन भी किया। उन्होंने भगवान शिव से अपने परिवार की दिवंगत आत्माओं की शांति और समस्त मानव समाज के कल्याण की प्रार्थना की। मंदिर प्रशासन ने इसे गहरी आस्था और समर्पण का उदाहरण बताया।
तेजी से बढ़ा दान
काशी विश्वनाथ धाम के विस्तार और कॉरिडोर निर्माण के बाद मंदिर में दान की राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले जहां मंदिर को सालाना करीब 20 करोड़ रुपये का दान मिलता था, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 84 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इस वर्ष 50 हजार रुपये से अधिक का दान देने वाले 16 श्रद्धालुओं ने केवल अन्नक्षेत्र के लिए ही 1.14 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। मंदिर प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, 893 श्रद्धालुओं ने यूपीआई और ऑनलाइन माध्यम से कुल 11.33 लाख रुपये का दान किया। इनमें किसी ने एक रुपये तो किसी ने एक लाख रुपये तक की राशि अर्पित की।
श्रद्धालुओं ने परिवार के कल्याण, स्वास्थ्य, पितृ शांति, ब्राह्मण भोज, मंदिर रखरखाव और धार्मिक अनुष्ठानों जैसे विभिन्न उद्देश्यों के लिए दान दिया। हाल ही में उद्योगपति अनंत अंबानी ने भी श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को एक करोड़ रुपये की भेंट दी थी।
Read More : Keshav Prasad Maurya ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, प्रदेश की खुशहाली और जनकल्याण की कामना






