Home » उत्तर प्रदेश » Lucknow पहुंचे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष, शक्ति प्रदर्शन से राजधानी में लगा जाम; लहराई तलवार

Lucknow पहुंचे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष, शक्ति प्रदर्शन से राजधानी में लगा जाम; लहराई तलवार

Lucknow News : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान रविवार को लखनऊ की सड़कों पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं का सैकड़ों वाहनों का काफिला हजरतगंज स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक पहुंचा। भारी संख्या में वाहनों की मौजूदगी के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को लंबे समय तक जाम का सामना करना पड़ा। सुबह से ही 1090 चौराहा, जियामऊ, पार्क रोड, हजरतगंज चौराहा और आसपास के इलाकों में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।

जैसे-जैसे काफिला आगे बढ़ा, वाहनों की संख्या बढ़ती गई और सड़क पर लंबी कतारें लग गईं। रविवार होने के बावजूद दोपहर के समय शहर के इस व्यस्त इलाके में यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी।

Lucknow पहुंचे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष

जियामऊ पेट्रोल पंप के पास कार्यकर्ताओं ने स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए थे। सड़क किनारे टेंट लगाया गया और क्रेन की मदद से विशाल माला लटकाकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रोहित मिश्रा को तलवार और गदा भेंट की। उन्होंने वाहन पर सवार रहते हुए तलवार लहराकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिससे कुछ समय तक सड़क पर आवाजाही प्रभावित रही। वहीं, कार्यक्रम के कारण भीषण गर्मी में जाम में फंसे आम लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा और शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा।

बढ़ी ट्रैफिक की समस्या

गोल्फ क्लब चौराहे के पास कई कार्यकर्ताओं ने अपने वाहन सड़क किनारे और बीच में खड़े कर दिए। इस दौरान कुछ लोग वीडियो और रील बनाने में भी जुटे रहे। अव्यवस्थित पार्किंग और वाहनों की भीड़ के कारण लोहिया पथ समेत आसपास के मार्गों पर जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। पुलिस को लगातार यातायात सामान्य कराने के लिए वाहनों को हटवाना पड़ा। यह कार्यक्रम ऐसे समय हुआ जब प्रधानमंत्री की ओर से जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं से ईंधन की बचत तथा छोटे काफिलों के साथ चलने की अपील की जा चुकी है। ऐसे में सैकड़ों वाहनों के साथ निकले इस काफिले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई।

Read More : UP में 182 PCS अफसरों के तबादले, चुनावी तैयारी के बीच कई जिलों के SDM बदले

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?