Banda News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बुंदेलखंड के विकास को लेकर बड़ा विजन पेश करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य इस क्षेत्र को “धरती का स्वर्ग” बनाना है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हुए विकास कार्यों और निवेश के कारण बुंदेलखंड से पलायन में कमी आई है। अब ऐसा समय आएगा जब यहां के युवा रोजगार की तलाश में बाहर नहीं जाएंगे, बल्कि दूसरे राज्यों के लोग यहां नौकरी करने आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में शुरू हुई 710 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं जनप्रतिनिधियों के प्रयासों का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि आज इस क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित हो रही हैं। सरकार विकास और विरासत दोनों को समान प्राथमिकता देकर आगे बढ़ रही है।
Banda News: बुंदेलखंड को बनाएंगे धरती का स्वर्ग
सीएम योगी ने कहा कि एक समय बुंदेलखंड की पहचान सूखा, पलायन, डकैतों और माफियाओं से होती थी। रोजगार के अवसर नहीं थे और कनेक्टिविटी भी कमजोर थी। लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के तहत शजर पत्थर को नई पहचान मिली है और यह अब कीमती रत्नों की श्रेणी में अपनी जगह बना रहा है। साथ ही बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (BIDA) क्षेत्र के औद्योगिक विकास में नई भूमिका निभाएगा।
सपा पर बोला हमला
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भू-माफिया, खनन माफिया और डकैतों का दबदबा था। उन्होंने दावा किया कि सरकार बनने के बाद करीब 64 हजार एकड़ सरकारी जमीन माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराई गई, जिस पर अब निवेश और विकास परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले युवाओं को रोजगार के बजाय हथियारों की राह दिखाई गई, जबकि वर्तमान सरकार रोजगार और आधुनिक उद्योगों पर काम कर रही है।
जनपद बाँदा में ₹710 करोड़ से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में… https://t.co/kh55qEzIlo
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 9, 2026
सरकार की प्राथमिकता
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी समान महत्व देती है। उन्होंने भगवान राम, हनुमान जी और महर्षि बामदेव को नमन करते हुए कहा कि चित्रकूट, काशी, अयोध्या और विंध्य क्षेत्र में हो रहे विकास कार्य इसी सोच का परिणाम हैं। उनके अनुसार कुछ राजनीतिक दल इन कार्यों का विरोध करते हैं लेकिन सरकार विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास मजबूत और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही संभव होता है। उन्होंने लोगों से ऐसे प्रतिनिधियों को चुनने की अपील की जो क्षेत्र के विकास के लिए योजनाएं लेकर आएं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बुंदेलखंड के विकास के लिए जो काम किए हैं, उनका सबसे बड़ा श्रेय यहां की जनता को जाता है, जिसने विकास की राजनीति पर भरोसा जताया।
Read More : UP Rain Alert: बारिश ने इस शहर को किया बेहाल! घरों में घुसा पानी, स्कूलों की छुट्टी घोषित




