UP Politics : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्पष्ट कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को ही जनता के बीच लेकर जाना है और इन्हीं के आधार पर पार्टी चुनावी मैदान में उतरेगी।
रविवार को लखनऊ के एक होटल में नितिन नवीन ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी चुनाव की रणनीति और वरिष्ठ नेताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
UP Politics
उन्होंने सभी नेताओं से अपील की कि वे अपने अनुभव का उपयोग संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में करें। साथ ही यह भी कहा कि कोई भी ऐसा सार्वजनिक बयान न दिया जाए, जिससे संगठन या सरकार की छवि प्रभावित हो। बैठक में नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार लगातार विकास और सुशासन के क्षेत्र में काम कर रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच सरकार के काम को ही सबसे बड़ा आधार बनाकर जाएगी।
विपक्ष को मुद्दा न देने की नसीहत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नेताओं को यह भी सलाह दी कि विपक्ष लगातार सरकार और संगठन के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में किसी भी नेता को ऐसा बयान या व्यवहार नहीं करना चाहिए, जिससे विपक्ष को हमला करने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को सार्वजनिक मंचों पर संगठन और सरकार के पक्ष को मजबूती से रखना चाहिए और आपसी मतभेदों को सार्वजनिक होने से बचाना चाहिए।
वरिष्ठ नेताओं की भूमिका होगी अहम
बैठक में नितिन नवीन ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह से सुझाव दिया कि पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को संगठन में अधिक सक्रिय जिम्मेदारियां दी जाएं। उनका मानना है कि वरिष्ठ नेताओं का अनुभव विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र सिंह, लक्ष्मीकांत बाजपेयी और रमापति राम त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
— Nitin Nabin (@NitinNabin) July 5, 2026
एकजुट रहने का संदेश
इससे पहले शनिवार को भाजपा मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भी नितिन नवीन ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर स्पष्ट संदेश दिया था। उन्होंने कहा था कि चुनाव जीतने के लिए बड़े कार्यक्रमों से ज्यादा जरूरी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से टीम भावना के साथ काम करने और आपसी मतभेदों को भुलाकर विपक्ष के खिलाफ पूरी ताकत लगाने की अपील की थी।
भाजपा नेतृत्व के लगातार दो दिनों के संदेशों से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि पार्टी अब 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को पूरी तरह चुनावी मोड में ले आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, सरकार की उपलब्धियों और संगठन की एकजुटता को भाजपा अपनी सबसे बड़ी ताकत मानते हुए चुनावी अभियान आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
Read More : UP में 57 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 24 घंटे बाद फिर जोर पकड़ेगा मानसून; पढ़ें अपने शहर की स्थिति





