Home » Uncategorized » UP Board: 28 जुलाई को होगी हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट, कम्पार्टमेंट और इंटर की परीक्षा; 42 हजार से ज्यादा छात्र होंगे शामिल

UP Board: 28 जुलाई को होगी हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट, कम्पार्टमेंट और इंटर की परीक्षा; 42 हजार से ज्यादा छात्र होंगे शामिल

UP Board : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट, हाईस्कूल कम्पार्टमेंट और इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। बोर्ड के अनुसार तीनों परीक्षाएं 28 जुलाई 2026 को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएंगी। इस बार इन परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले कुल 42,078 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी परीक्षाएं संबंधित जिलों के मुख्यालयों पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) द्वारा निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। यूपी बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा सुबह की पाली में आयोजित होगी।

यह परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक चलेगी। वहीं इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा दोपहर बाद दूसरी पाली में होगी, जिसका समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। बोर्ड ने सभी जिलों को परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

UP Board

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्र के भीतर केवल परीक्षार्थियों, केंद्र व्यवस्थापक, शिक्षक और अधिकृत कर्मचारियों को ही प्रवेश मिलेगा। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने से पहले और समाप्त होने के बाद प्रवेश द्वार पर भीड़ जमा न होने दी जाए, ताकि व्यवस्था प्रभावित न हो। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले परीक्षार्थियों के खिलाफ बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है। सभी परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

सीसीटीवी निगरानी में होगी पूरी परीक्षा

परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा कक्षों में वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे और राउटर सक्रिय रहेंगे। प्रश्नपत्रों को मुख्य परीक्षा की तरह डबल लॉक वाले स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्नपत्रों के पैकेट केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सीसीटीवी निगरानी के बीच खोले जाएंगे।

45 मिनट पहले पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र

यूपी बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य परिषद की आधिकारिक वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उन्हें सत्यापित करने के बाद छात्रों को उपलब्ध कराएंगे। बोर्ड का कहना है कि समय से पहुंचने पर परीक्षार्थियों को व्यवस्थित ढंग से परीक्षा कक्षों में बैठाने में आसानी होगी और परीक्षा समय पर शुरू कराई जा सकेगी।

Read MoRE : Lucknow में बदला ट्रैफिक, कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन; बाहर जानें से पहले फटाफट करें चेक

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?