Home » उत्तर प्रदेश » UP दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, लखनऊ में रहेंगे 36 घंटे; 50 जगह होगा स्वागत

UP दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, लखनऊ में रहेंगे 36 घंटे; 50 जगह होगा स्वागत

UP News : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर लखनऊ पहुंच रहे हैं. उनके स्वागत को लेकर पार्टी ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं. एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर के रास्ते में 50 से अधिक स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा. इसके लिए 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता और पदाधिकारी तैनात किए गए हैं. राजधानी में एक लाख से अधिक पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं. नितिन नवीन करीब 36 घंटे तक लखनऊ में रहेंगे.

शनिवार को वह होटल ताज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे. रविवार को वह आरएसएस के कार्यालय ‘भारती भवन’ पहुंचकर क्षेत्रीय प्रचारक अनिल कुमार और प्रांत प्रचारक कौशल कुमार के साथ चर्चा करेंगे.

UP दौरे पर नितिन नवीन

भाजपा अध्यक्ष के इस दौरे का मुख्य फोकस 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को माना जा रहा है. पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ फॉर्मूले से हुए नुकसान की रणनीतिक समीक्षा करेगी और उसकी काट तलाशने पर मंथन होगा. इसके साथ ही, अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के हालिया विवाद पर भी संगठन की ओर से नया संदेश देने की तैयारी है. करीब 9 दिन पहले घोषित भाजपा की नई प्रदेश टीम से राष्ट्रीय अध्यक्ष पहली बार सीधा संवाद करेंगे. इस टीम में अभिजात मिश्रा, रजनी पांडेय, राहुल वाल्मीकि, यतेंद्र शर्मा और अंकुर शर्मा जैसे युवा चेहरे शामिल हैं. बैठक में सरकार, संगठन और संघ के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर रहेगा.

पोस्टर- बैनरों की भरमार

नितिन नवीन के स्वागत को लेकर राजधानी में बड़े पैमाने पर होर्डिंग्स, पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं. इससे प्रिंटिंग और विज्ञापन कारोबार से जुड़े व्यापारियों को करीब दो करोड़ रुपये का कारोबार मिलने का अनुमान है. कार्यकर्ताओं ने करीब 50 हजार से अधिक बैनर और होर्डिंग्स लगवाए हैं. कई जगह नए पोस्टर लगाने के लिए पहले से लगे नेताओं के होर्डिंग्स भी हटाए गए हैं. इस बार स्वागत पोस्टरों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की तस्वीर भी प्रमुखता से दिखाई दे रही है.

पहले पार्टी के पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के साथ दोनों डिप्टी सीएम को ही प्रमुख स्थान मिलता था. वहीं कई कार्यकर्ताओं के पोस्टरों में नेताओं की तस्वीरों की क्रम व्यवस्था को लेकर भी अलग-अलग संदेश देखने को मिले.

व्यस्त कार्यक्रम

नितिन नवीन सुबह 11:05 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह उनका स्वागत करेंगे. एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक 50 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम होंगे. प्रदेश कार्यालय में वह नवनियुक्त पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और संगठन के नेताओं के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद शाम को होटल ताज में सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ अहम बैठक होगी. इस दौरान जनप्रतिनिधियों को संगठन मजबूत करने, मतभेद भुलाकर जनता के बीच सक्रिय रहने और अपने प्रभार वाले जिलों में पार्टी को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा.

रविवार को नितिन नवीन राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र प्रभारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे. इसके बाद वह आरएसएस के ‘भारती भवन’ में संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें आगामी चुनावों की रणनीति और संघ के शताब्दी वर्ष समारोह को लेकर समन्वय पर चर्चा होगी.

Read More : PM Surya Ghar Yojana: जौनपुर में 130% लक्ष्य पूरा, 5,044 घरों में लगे सोलर सिस्टम; डीएम ने दिए सख्त निर्देश

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?