UP Politics 2027 : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने दावा किया है कि राज्य में ब्राह्मण समाज और अन्य अपर कास्ट वर्गों का रुझान बसपा की ओर बढ़ रहा है। उनके अनुसार यह वही सामाजिक समीकरण हैं, जिन्होंने वर्ष 2007 में बसपा को पूर्ण बहुमत की सरकार तक पहुंचाया था। इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने विभिन्न वर्गों से उम्मीदवार चुनने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
उन्होंने दावा किया कि खासकर ब्राह्मण समाज के लोगों के जुड़ने से विरोधी दलों में असहजता बढ़ी है। उनके अनुसार यह रुझान समाजवादी पार्टी समेत अन्य विपक्षी दलों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है।
UP Politics 2027
बसपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा से ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत पर काम करती रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार में रहते हुए भी पार्टी ने सभी वर्गों को सम्मान और भागीदारी देने का प्रयास किया था। मायावती के अनुसार उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में अपर कास्ट, खासकर ब्राह्मण वर्ग का वास्तविक हित बसपा में ही सुरक्षित रह सकता है।
बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा आमचुनाव की तैयारियों के मद्देनज़र जब से अपरकास्ट समाज और उसमें से ख़ासकर ब्राह्मण समाज को, उनके बी.एस.पी. में जुड़ने को ध्यान में रखकर, पार्टी का उम्मीदवार बनाना शुरू कर दिया है, तब से सभी विरोधी पार्टियों में व ख़ासकर समाजवादी…
— Mayawati (@Mayawati) June 22, 2026
विपक्ष पर उपेक्षा के आरोप
अपने बयान में मायावती ने अन्य राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में कई सरकारों के दौरान ब्राह्मण समाज समेत अन्य वर्गों के लोग खुद को उपेक्षित और असुरक्षित महसूस करते रहे हैं। इसी कारण अब एक बार फिर बसपा की ओर लोगों का झुकाव बढ़ रहा है और राजनीतिक माहौल बदलता दिखाई दे रहा है।बसपा प्रमुख ने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में केवल ब्राह्मण ही नहीं, बल्कि क्षत्रिय, वैश्य और अन्य समाज के लोगों को भी उनकी क्षमता और संगठन में योगदान के आधार पर उम्मीदवार बनाया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरने की रणनीति पर काम कर रही है और संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
Read More : Brijghat में दिल्ली हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू, गंगा दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट




