NEET-UG Exam Preparation : उन्नाव में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को नकलविहीन और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी, जिसके लिए पूरे जिले में प्रशासनिक स्तर पर सख्त व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में हुई समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें डीएसएन डिग्री कॉलेज, अटल बिहारी इंटर कॉलेज, जीजीआईसी और केंद्रीय विद्यालय दही चौकी शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 1241 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए चार सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है, जिन्हें अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
NEET-UG Exam Preparation
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त कक्षों को सील किया जाए और कैमरे केवल कक्षों तक ही सीमित न रहें, बल्कि प्रवेश द्वार, गैलरी और स्टाफ रूम में भी लगाए जाएं। साथ ही, बिना वैध पहचान पत्र या एडमिट कार्ड के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अधिकारियों को सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शासन की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
Read More : Yoga Awareness Rally: जालौन में 4 हजार लोगों ने निकाली योग रैली, 5 KM तक गूंजे नारे





