Akasa Air Flight Emergency Landing in Lucknow : बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रही अकासा एयर की एक फ्लाइट को बुधवार रात अचानक लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। उड़ान के दौरान भुवनेश्वर का मौसम तेजी से खराब हो गया था, जिसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी। बताया गया कि खराब मौसम के कारण विमान की लैंडिंग भुवनेश्वर में संभव नहीं हो पा रही थी और विमान में ईंधन भी सीमित बचा था। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, अकासा एयर की फ्लाइट संख्या QP-1503 ने बुधवार शाम बेंगलुरु से उड़ान भरी थी और उसका गंतव्य भुवनेश्वर था। उड़ान के दौरान जब विमान ओडिशा के हवाई क्षेत्र के करीब पहुंचा, तब वहां मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज हवाओं और खराब विजिबिलिटी के कारण पायलट ने लैंडिंग को जोखिमभरा माना।
Akasa Air Flight
इसी दौरान पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क करते हुए कहा कि फ्लाइट को तुरंत सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारना जरूरी है। ATC को यह भी बताया गया कि विमान में ईंधन कम बचा है, इसलिए ज्यादा देर तक हवा में रहना सुरक्षित नहीं होगा। पायलट की सूचना मिलते ही लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया। एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई और रनवे को तुरंत खाली कराया गया। उस समय मौजूद अन्य विमान संचालन को भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया ताकि इमरजेंसी फ्लाइट को बिना किसी बाधा के उतारा जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एयरपोर्ट पर क्रैश फायर टेंडर्स (CFT), मेडिकल टीम और इमरजेंसी रिस्पॉन्स यूनिट्स को तैनात किया गया। कंट्रोल रूम से लगातार विमान की स्थिति पर नजर रखी जा रही थी और हर जरूरी तैयारी पूरी कर ली गई थी।
सुरक्षित उतरा विमान
काफी सतर्कता और सुरक्षा इंतजामों के बीच बोइंग 737 मैक्स विमान (VT-YAJ) ने रात 9:21 बजे रनवे-09 पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद पायलट इन कमांड ने ATC को जानकारी दी कि विमान की सभी तकनीकी प्रणालियां सामान्य स्थिति में हैं और किसी अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता नहीं है। फ्लाइट में मौजूद 194 यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने राहत की सांस ली। एयरपोर्ट अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि पूरी प्रक्रिया बिना किसी हादसे के सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई।
हटाई गई फुल इमरजेंसी
सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान को रात 9:29 बजे बे-10 पर पार्क किया गया। इसके लगभग एक मिनट बाद, यानी 9:30 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने फुल इमरजेंसी समाप्त करने की घोषणा कर दी। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान सभी सुरक्षा नियमों और इमरजेंसी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, समय रहते लिया गया फैसला यात्रियों की सुरक्षा के लिए बेहद अहम साबित हुआ।
Read More : UP के मुरादाबाद में डिप्टी सीएम के प्लेन का इंजन फेल




