Home » उत्तर प्रदेश » UP में भीषण गर्मी का कहर, 54 जिलों में लू का अलर्ट; 10 जिलों में रेड चेतावनी जारी

UP में भीषण गर्मी का कहर, 54 जिलों में लू का अलर्ट; 10 जिलों में रेड चेतावनी जारी

UP Heatwave Alert : उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। रविवार सुबह से ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। हवा की रफ्तार कम होने से उमस का असर भी बढ़ गया है, जिससे लोगों को दिनभर बेचैनी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 54 जिलों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जहां हालात सबसे ज्यादा गंभीर रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। दोपहर के समय घर से बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल साबित हो सकता है। ऐसे में बहुत ही ज्यादा बच कर रहने की जरूरत है।

UP Heatwave Alert

प्रदेश के बांदा, प्रयागराज, चित्रकूट, फतेहपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। शनिवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रयागराज में 46 डिग्री और झांसी में 44.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिला। लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं। अस्पतालों में भी गर्मी से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

पश्चिमी यूपी में आंधी और बारिश की संभावना

जहां एक तरफ पूर्वी और मध्य यूपी भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली से सटे जिलों समेत 24 जिलों में आंधी, हल्की बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक मध्य असम के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी यूपी तक पहुंच रहा है। इसके चलते मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़ और आगरा जैसे जिलों में बादल छाने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि इससे गर्मी पूरी तरह खत्म नहीं होगी, लेकिन कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है।

नौतपा में और बढ़ सकती है गर्मी

मौसम विभाग ने 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा को लेकर भी चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि इस दौरान तापमान और बढ़ सकता है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे ऊपर रहने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले तीन दिनों तक हीटवेव का रेड अलर्ट प्रभावी रहेगा। इसके बाद कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी रह सकता है। उन्होंने कहा कि कहीं-कहीं गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने को कहा गया है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों पर भी दिखाई दे रहा है। बिजनौर के अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ और हाथी दिनभर पानी के स्रोतों के आसपास नजर आए। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और उमस दोनों लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

तारीख मौसम का हाल
25 मई पश्चिमी यूपी में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। पूर्वी यूपी में तेज धूप निकलेगी।
26 मई पूरे यूपी में तेज धूप निकलेगी। लू चलने की संभावना है। पूर्वी यूपी में धूल भरी आंधी चल सकती है।
27 मई पूरे यूपी में प्रचंड गर्मी पड़ेगी। ज्यादातर जिले लू की चपेट में रहेंगे। पूर्वी यूपी में बारिश के आसार हैं।
28 मई पूर्वी और पश्चिमी यूपी में लू चलेगी। गर्मी के तेवर और सख्त होंगे। 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
29 मई पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश के आसार हैं। तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि, उमस बरकरार रहेगी।

Read More : Aligarh में ट्रेनी विमान की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग, टला बड़ा हादसा; पढ़ें पूरी खबर

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?