SRH IPL 2026 : आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने अपनी गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। टीम इस सीजन में बल्लेबाजी में तो दमदार दिखी, लेकिन गेंदबाजी में कमजोरी साफ नजर आई। इसी को ध्यान में रखते हुए फ्रेंचाइजी ने नया खिलाड़ी शामिल किया है। SRH ने साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएट्जी को टीम में शामिल किया है। फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर इसकी घोषणा की। कोएट्जी अपनी तेज रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, जिससे टीम को काफी उम्मीदें हैं।
कोएट्जी को टीम में रिप्लेसमेंट के तौर पर लाया गया है। उन्होंने चोटिल खिलाड़ी डेविड पायने की जगह ली है। पायने खुद भी कवर के तौर पर टीम में शामिल हुए थे, लेकिन टखने की चोट के कारण वह पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं।
SRH की टीम में आया तूफानी गेंदबाज
डेविड पायने को SRH ने उम्मीद के साथ मौका दिया था, लेकिन वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके। उन्होंने सिर्फ दो मैच खेले और इन मुकाबलों में उनके खाते में दो विकेट ही आए। चोट के चलते उनका सफर जल्दी खत्म हो गया। SRH ने गेराल्ड कोएट्जी को करीब 2 करोड़ रुपये में टीम में जोड़ा है। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि उनकी एंट्री से गेंदबाजी में नई धार आएगी और टीम संतुलित नजर आएगी।
इंटरनेशनल करियर
कोएट्जी का अंतरराष्ट्रीय करियर भी अच्छा रहा है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट खेले हैं। उनकी खासियत तेज गति के साथ विकेट लेने की क्षमता है, जो टी20 क्रिकेट में बेहद अहम मानी जाती है। कोएट्जी पहले भी आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने 2024 में मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू किया था और 10 मैचों में 13 विकेट लिए थे। इसके बाद वह गुजरात टाइटंस के लिए भी खेले, जहां उन्हें सीमित मौके मिले।
Gerald Coetzee joins our squad as David Payne’s replacement for the remainder of the season. pic.twitter.com/DQgVCLSp5F
— SunRisers Hyderabad (@SunRisers) April 18, 2026
टी20 में शानदार रिकॉर्ड
अब तक कोएट्जी 85 टी20 मैच खेल चुके हैं और 100 से ज्यादा विकेट ले चुके हैं। इंटरनेशनल टी20 में भी उन्होंने 20 से ज्यादा विकेट हासिल किए हैं, जो उनके अनुभव और प्रभाव को दिखाता है। SRH ने अपनी सबसे बड़ी कमजोरी को दूर करने की दिशा में कदम उठाया है। अब देखना होगा कि गेराल्ड कोएट्जी टीम की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं और क्या वह हैदराबाद को जीत की राह पर वापस ला पाते हैं।
Read More : IPL 2026 Points Table: चिन्नास्वामी में RCB का जलवा





