Kerala News : केरल के मलप्पुरम जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कांग्रेस सांसद Shashi Tharoor के काफिले को बीच रास्ते रोक लिया गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने न सिर्फ गाड़ी को रोका, बल्कि उनके गनमैन और ड्राइवर के साथ मारपीट भी की। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है।
काफिला मलप्पुरम के वांडूर इलाके की ओर जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, चेल्लिथोड के पास थिरुवाली क्षेत्र में संकरी सड़क और पुल के पास जाम जैसी स्थिति बनी हुई थी, तभी यह विवाद शुरू हुआ। अचानक कुछ लोगों ने काफिले को रोक लिया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
Kerala में शशि थरूर के काफिले पर हमला
बताया जा रहा है कि Shashi Tharoor कांग्रेस नेता ए.पी. अनिल कुमार के चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वांडूर जा रहे थे। रास्ते में ट्रैफिक की वजह से काफिले की रफ्तार धीमी हो गई थी। इसी दौरान आगे चल रहे वाहन को तेज करने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में झगड़े में बदल गई। पुलिस के अनुसार, गनमैन रतीश के.पी. ने आगे वाले वाहन को रास्ता खाली करने के लिए कहा था। इसी बात पर दो गाड़ियों में सवार करीब पांच लोगों का समूह भड़क गया। आरोप है कि उन्होंने काफिले को जबरन रोक लिया और गनमैन व ड्राइवर के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस हमले में दोनों को चोटें आई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद गनमैन की शिकायत पर वांडूर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला अचानक हुआ या इसके पीछे कोई और वजह थी। साथ ही, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने राजनीतिक हलकों में चिंता जरूर बढ़ा दी है।
Read More : Donald Trump का नया टैरिफ प्लान, दवा कंपनियों पर सख्ती





