Iran : मिडिल ईस्ट में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष अब और तेज हो गया है। दोनों देशों के बीच हमले और जवाबी कार्रवाई का सिलसिला जारी है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। इजरायल की राजधानी यरुशलम में मंगलवार को कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के अलग-अलग हिस्सों में कम से कम 10 धमाके हुए। इजरायली सेना ने बताया कि उनका एयर डिफेंस सिस्टम ईरानी मिसाइलों को रोकने में लगा है और पूरे शहर में सायरन बज रहे हैं।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने दावा किया है कि उसने इस्फहान के ऊपर अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है। यह ड्रोन लंबी दूरी की निगरानी के लिए इस्तेमाल होता है। इस घटना को ईरान की बड़ी सैन्य कार्रवाई माना जा रहा है।
Iran ने इजरायल पर किया जोरदार मिसाइल हमला
ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। इसी के तहत सऊदी अरब के अल-खारज इलाके में एक ड्रोन दागा गया, जिसे वहां के एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया। ड्रोन के मलबे से कुछ घरों को हल्का नुकसान हुआ, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई बंदरगाह पर खड़े कुवैती तेल टैंकर को भी निशाना बनाया गया। कुवैत की सरकारी एजेंसी के अनुसार, इस हमले के बाद टैंकर में आग लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
लेबनान में चार इजरायली सैनिकों की मौत
इजरायली रक्षा बलों ने दक्षिणी लेबनान में चल रहे सैन्य अभियान के दौरान चार सैनिकों की मौत की पुष्टि की है। इसके अलावा तीन अन्य सैनिक घायल हुए हैं। यह घटना संघर्ष के और गंभीर होने की ओर इशारा करती है। दूसरी ओर ईरान की राजधानी तेहरान में भी विस्फोटों की खबर सामने आई है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, शहर के कई इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं और कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।
Read More : Kuwait हमले में भारतीय की मौत, पावर स्टेशन को भारी नुकसान!




