Kuwait : कुवैत में एक पावर स्टेशन पर हुए हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई। कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। हमले में स्टेशन की एक सर्विस बिल्डिंग को भी भारी नुकसान पहुंचा है। मंत्रालय के मुताबिक यह हमला रविवार शाम को हुआ। अधिकारियों ने इसे Iran की ओर से की गई आक्रामक कार्रवाई बताया है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा अब्बास जौहर हयात ने बयान जारी कर कहा कि हमले में बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र के अंदर स्थित इमारत को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि इमारत को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।
Kuwait में भारतीय की मौत
कुवैत के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पिछले एक महीने से जारी तनाव के दौरान देश पर सैकड़ों हमले हुए हैं। अब तक 307 बैलिस्टिक मिसाइलें, दो क्रूज मिसाइलें और 616 ड्रोन दागे जा चुके हैं। इन हमलों ने कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 14 बैलिस्टिक मिसाइलों और 12 ड्रोन को समय रहते नष्ट कर दिया गया। इसके बावजूद कुछ हमले सैन्य ठिकानों तक पहुंच गए, जिससे वहां तैनात कर्मियों को नुकसान हुआ।
सैन्य अड्डे पर भी पड़ा असर
कुछ मिसाइल और ड्रोन कुवैत के सशस्त्र बलों के एक अड्डे पर गिरे, जिससे करीब 10 कर्मी घायल हो गए। इस हमले में अड्डे के ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष का असर अब कई देशों पर दिख रहा है। कुवैत भी इस तनाव की चपेट में आ गया है। लगातार हो रहे हमलों से हालात और गंभीर होते जा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।
Read More : Dehradun से नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू, डिजी यात्रा




