Texas : अमेरिका के टेक्सस राज्य में सोमवार शाम एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया, जब Valero Energy की रिफाइनरी में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के रिहायशी इलाकों तक उसकी गूंज पहुंची और कई घरों में कंपन महसूस किया गया। देखते ही देखते आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और एहतियात के तौर पर लोगों को घरों के अंदर रहने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा एजेंसियां और दमकल विभाग की टीमें मौके की ओर रवाना की गईं। अधिकारी हालात को काबू में करने के साथ-साथ किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयारियों में जुटे हैं। प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और आग पर काबू पाना बताया जा रहा है।
Texas की रिफाइनरी में जोरदार धमाका
जानकारी के मुताबिक, टेक्सस के Port Arthur स्थित इस रिफाइनरी में विस्फोट के बाद आग भी लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और कुछ ही मिनटों में धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
विस्फोट के कारणों की जांच शुरू
स्थानीय अग्निशमन अधिकारियों के मुताबिक अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि विस्फोट किस वजह से हुआ। जांच एजेंसियों ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या किसी अन्य औद्योगिक कारण को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। फिलहाल पूरी जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।
धमाके के बाद सबसे बड़ी चिंता वायु प्रदूषण को लेकर जताई जा रही है। अधिकारियों ने आसपास के इलाके में हवा की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं जहरीली गैस या केमिकल का रिसाव तो नहीं हुआ है। एहतियात के तौर पर Texas परिवहन विभाग ने लोगों को रिफाइनरी के आसपास के कुछ प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी है।
अमेरिका की अहम रिफाइनरियों में से एक है यह प्लांट
गौरतलब है कि पोर्ट आर्थर स्थित यह रिफाइनरी अमेरिका की प्रमुख तेल प्रसंस्करण इकाइयों में गिनी जाती है। यह प्लांट रोजाना लाखों बैरल कच्चे तेल को प्रोसेस कर पेट्रोल, डीजल और जेट ईंधन तैयार करता है। ऐसे में इस तरह की घटना न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि ऊर्जा आपूर्ति और बाजार पर भी असर डाल सकती है। फिलहाल सभी की नजरें राहत और जांच कार्य पर टिकी हुई हैं।
Read More : War के बाद ईरान में सत्ता को लेकर अनिश्चितता, पढ़ें पूरी खबर




