LPG Cylinder Crisis : मध्य पूर्व में जारी तनाव और युद्ध के माहौल का असर अब भारत में रसोई गैस की आपूर्ति पर भी दिखने लगा है। कई शहरों में उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। कुछ लोगों की शिकायत है कि गैस बुक करने के बाद भी डिलीवरी में देरी हो रही है, जबकि कई मामलों में तो बुकिंग ही नहीं हो पा रही। इससे आम ग्राहकों की परेशानी बढ़ गई है और घरेलू जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके मोबाइल पर गैस सिलिंडर की डिलीवरी का मैसेज तो आ जाता है, लेकिन असल में सिलिंडर घर तक नहीं पहुंचता।
इस तरह की स्थिति में ग्राहक असमंजस में पड़ जाते हैं कि आखिर करें तो क्या करें। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो घबराने की जरूरत नहीं है। इसके लिए सरकार की ओर से शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
LPG Cylinder Crisis
अगर गैस सिलिंडर की बुकिंग या डिलीवरी में किसी भी तरह की दिक्कत आ रही है तो आप सीधे हेल्पलाइन नंबर 18002333555 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह नंबर सभी प्रमुख गैस कंपनियों के ग्राहकों के लिए काम करता है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने से पहले कुछ दिनों तक डिलीवरी का इंतजार करना चाहिए। अगर काफी समय गुजर जाने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिलता, तब इस नंबर पर शिकायत करना सही रहता है।
व्हाट्सएप से भी कर सकते हैं गैस बुकिंग
आज के डिजिटल दौर में गैस बुकिंग करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। ग्राहक अब व्हाट्सएप के जरिए भी एलपीजी सिलिंडर बुक कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर HP Gas के उपभोक्ता 9222201122 नंबर पर ‘Hi’ या ‘Book’ लिखकर मैसेज भेज सकते हैं। वहीं Bharat Gas के ग्राहक 1800224344 नंबर पर ‘Hi’ या ‘Book’ लिखकर मैसेज कर सकते हैं। इसी तरह Indane गैस के लिए 7588888824 नंबर पर ‘REFILL’ लिखकर मैसेज भेजना होता है।
मोबाइल ऐप से भी मिनटों में हो जाएगी बुकिंग
अगर व्हाट्सएप से बुकिंग करने में परेशानी आती है तो ग्राहक मोबाइल ऐप के जरिए भी सिलिंडर बुक कर सकते हैं। UMANG, Paytm, PhonePe और Amazon Pay जैसे ऐप्स पर एलपीजी बुकिंग की सुविधा मिलती है। इन ऐप्स में लॉगिन करने के बाद सर्च बॉक्स में LPG Booking लिखकर आसानी से सिलिंडर बुक किया जा सकता है। जिन ग्राहकों के पास इंटरनेट सुविधा नहीं है, वे एसएमएस के जरिए भी गैस सिलिंडर बुक कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए Indane गैस के ग्राहक अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7718955555 पर ‘REFILL’ लिखकर मैसेज भेज सकते हैं। वहीं, Bharat Gas के उपभोक्ता 777715012345 या 7718012345 नंबर पर ‘LPG’ लिखकर मैसेज भेजकर बुकिंग कर सकते हैं। इससे बिना किसी कॉल के भी सिलिंडर बुक हो जाता है और ग्राहकों को बार-बार एजेंसी के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
Read More : iPhone पर जबरदस्त ऑफर, 10 हजार से ज्यादा की बचत का मौका




