IND vs NAM : टी20 विश्व कप 2026 में भारत का जीत का क्रम लगातार जारी है। गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मुकाबले में भारतीय टीम ने नामीबिया को 93 रनों से हराकर जीत का सिलसिला कायम रखा। इस मैच में हार्दिक पांड्या ने कमाल किया। 52 रनों की तेज पारी के साथ उन्होंने गेंदबाजी में भी 2 विकेट लिए। वहीं ईशान किशन ने 61 रनों की आक्रामक पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। वरुण चक्रवर्ती ने सबसे अधिक 3 विकेट लेकर भारतीय टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खिलाड़ियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “विकेट आसान नहीं था, लेकिन ईशान किशन और संजू सैमसन ने अच्छी शुरुआत दी। दो-तीन जल्दी विकेट गिरने के बाद शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी ने मैच में मोड़ ला दिया। उनकी पारी वाकई सराहनीय रही।”
IND vs NAM: 15 फरवरी को पाकिस्तान से होगी जंग
सूर्यकुमार ने नामीबिया के गेंदबाजों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “गेंद थोड़ी रुक रही थी, फिर भी नामीबिया के गेंदबाजों ने अपना प्लान बखूबी अंजाम दिया। हमें दो-तीन जल्दी विकेट खोने पड़े, लेकिन फिर हमने साझेदारी बना ली और मैच का अंत शानदार ढंग से किया।” भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी टीम के लिए बड़ी राहत साबित हुई। कप्तान ने कहा, “बुमराह का चार ओवर गेंदबाजी करना टीम के लिए प्लस पॉइंट है। उनकी वापसी देखकर अच्छा लगा। वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की गेंदबाजी भी शानदार रही। डेथ ओवरों में भी वे प्रभावी गेंदबाजी कर सकते हैं।”
आगे के मुकाबलों पर नजर
सूर्यकुमार ने आगे की तैयारियों को लेकर कहा, “हार्दिक पांड्या की इस तरह की बल्लेबाजी टीम के लिए प्रोत्साहन है। हमारी शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन अब चीजें सही रास्ते पर हैं। हर मैच महत्वपूर्ण है और हम इसी तरह लगातार प्रदर्शन करते रहना चाहते हैं।”
Read More : UP के संभल में अवैध मदरसा ध्वस्त, बच्चों को किया गया शिफ्ट




