CBSE Board Exam 2026 : सीबीएसई की ओर से प्राइवेट स्टूडेंट्स के एडमिट कार्ड जारी किए जाने के बाद अब 10वीं और 12वीं कक्षा के रेगुलर छात्रों के लिए प्रवेश पत्र जारी करने की तैयारी चल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ही कक्षाओं के एडमिट कार्ड जल्द ही उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इससे लाखों छात्रों की परीक्षा संबंधी तैयारियों को अंतिम दिशा मिलेगी। सीबीएसई बोर्ड की ओर से प्रवेश पत्र ऑनलाइन माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in के ‘परीक्षा संगम’ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
हालांकि, यह सुविधा सीधे छात्रों के लिए नहीं होगी। बता दें कि यह व्यवस्था केवल स्कूलों के लिए उपलब्ध रहेगी। स्कूल प्रशासन अपने लॉगिन के जरिए छात्रों के एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेगा।
CBSE Board Exam 2026
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 10वीं और 12वीं के रेगुलर छात्र स्वयं एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। प्रवेश पत्र स्कूल के माध्यम से ही वितरित किए जाएंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय पर अपने स्कूल से संपर्क करें और क्लास टीचर या प्रिंसिपल से एडमिट कार्ड प्राप्त करें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रवेश पत्र मिलने के बाद छात्रों को उसमें दर्ज सभी विवरण ध्यान से जांचने की आवश्यकता है। इसमें छात्र का नाम, रोल नंबर, जन्मतिथि, माता-पिता का नाम, परीक्षा का नाम, विषय, परीक्षा केंद्र और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी शामिल होगी। अगर किसी भी प्रकार की गलती नजर आए तो तुरंत स्कूल प्रशासन को सूचित करने की सलाह दी गई है।
इन तारीखों में होंगी बोर्ड परीक्षाएं
सीबीएसई द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होकर 11 मार्च 2026 तक चलेंगी। वहीं, 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएंगी। दोनों कक्षाओं के छात्र अपनी तैयारी को देखते हुए समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। एडमिट कार्ड जारी होते ही स्कूलों को सबसे पहले परीक्षा संगम पोर्टल पर लॉग इन करना होगा। इसके बाद संबंधित लिंक पर क्लिक कर स्कूल की लॉगिन डिटेल्स दर्ज करनी होंगी। लॉगिन के बाद सभी छात्रों के प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जाएंगे और फिर उन्हें प्रिंट कर छात्रों में वितरित किया जाएगा।
एडमिट कार्ड अनिवार्य
बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड साथ ले जाना अनिवार्य होगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी छात्र को एग्जाम हॉल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि परीक्षा के दिन एडमिट कार्ड के साथ अन्य जरूरी दस्तावेज भी सुरक्षित रखें। बोर्ड परीक्षाएं छात्रों के भविष्य का अहम पड़ाव होती हैं। ऐसे में समय पर एडमिट कार्ड प्राप्त करना, विवरणों की जांच करना और परीक्षा से पहले सभी निर्देशों को समझना बेहद जरूरी है।
Read More : Dhar के भोजशाला पर SC का बड़ा फैसला, बसंत पंचमी और नमाज के लिए तय हुआ समय; सख्त सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश





