Virat Kohli : विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ही शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं, लेकिन दोनों के मुकाबलों का माहौल बिल्कुल अलग दिखा। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में रोहित शर्मा के शतक के दौरान हजारों दर्शक मौजूद थे, वहीं बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में विराट कोहली बिना दर्शकों के बल्लेबाजी कर रहे थे। स्टेडियम के भीतर सन्नाटा था, लेकिन बाहर उत्साह किसी बड़े इंटरनेशनल मैच से कम नहीं दिखा। हालांकि, मैदान में एंट्री की इजाजत नहीं थी, फिर भी कोहली के फैंस ने हार नहीं मानी।
कोई दूर-दराज से आया था तो कोई सिर्फ एक झलक पाने की उम्मीद में घंटों इंतजार करता रहा। जब पता चला कि विराट बल्लेबाजी करने उतरने वाले हैं, तो ग्राउंड के बाहर मौजूद फैंस ने अनोखे तरीके अपनाए। कुछ लोग मैदान के किनारे लगे पेड़ों पर चढ़ गए, तो कुछ सड़क के उस पार खड़े भारी कंटेनर ट्रकों पर चढ़कर अंदर झांकने लगे।
Virat Kohli: वीडियो वायरल
विराट की बल्लेबाजी के दौरान एक फैन ने पेड़ पर बैठकर वीडियो रिकॉर्ड किया। यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा था कि कैसे बिना टिकट और बिना स्टेडियम के भीतर पहुंचे भी लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ी के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। मैच में विराट कोहली ने अपने बल्ले से फैंस की उम्मीदों को पूरी तरह जिंदा रखा। उन्होंने 101 गेंदों पर 131 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान 14 चौके और 3 छक्के उनके शॉट चयन और लय का सबूत बने। हर बाउंड्री पर बाहर खड़े फैंस का शोर और तालियां दूर तक सुनाई दे रही थीं।
Fans gathered outside the CoE, Bengaluru to watch some glimpses of Virat Kohli ???? pic.twitter.com/ynCBUhinzS
— Virat Kohli Fan Club (@Trend_VKohli) December 25, 2025
दिल्ली का दबदबा
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आंध्र प्रदेश ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 298 रन बनाए। रिकी भुई ने 122 रनों की अहम पारी खेली, लेकिन दिल्ली की गेंदबाजी में सिमरजीत सिंह ने 5 विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ दिया। दिल्ली ने 299 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 37.4 ओवर में हासिल कर लिया। विराट के शतक के अलावा प्रियांश आर्य और नीतीश राणा ने भी तेज अर्धशतक जमाए। आर्य ने 44 गेंदों में 74 रन बनाए, जबकि राणा ने 55 गेंदों में 77 रनों की पारी खेली।
Read More : Bijli Mahadev Temple की टूटी सदियों पुरानी परंपरा, चौकीदार के साथ हुई मारपीट





