Shubman Gill : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का एलान होते ही क्रिकेट गलियारों में हलचल मच गई। जिन नामों को लगभग तय माना जा रहा था, उनमें शुभमन गिल सबसे आगे थे। उप-कप्तान की जिम्मेदारी निभा चुके गिल का बाहर होना कई दिग्गजों को हैरान कर गया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने भी इस फैसले पर खुलकर सवाल उठाए है। शुभमन गिल पिछले कुछ समय से टी20 फॉर्मेट में संघर्ष करते दिखे।
वापसी के बाद खेले गए 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके आंकड़े औसत ही रहे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया सीरीज में भी वह प्रभाव नहीं छोड़ सके और चोट के चलते बाहर हो गए। इसके बावजूद, चयन से पूरी तरह बाहर होना क्रिकेट जानकारों को चौंकाने वाला फैसला लगा।
Shubman Gill पर उथप्पा की राय
रॉबिन उथप्पा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि भारतीय क्रिकेट इस वक्त ऐसी जगह पहुंच गया है, जहां किसी भी फैसले का अनुमान लगाना मुश्किल हो गया है। उनके मुताबिक, गिल को भले ही उप-कप्तानी से हटाया जाता, लेकिन टीम में जगह जरूर मिलनी चाहिए थी। उन्होंने साफ कहा कि टीम मजबूत है, लेकिन कुछ फैसले दिल तोड़ने वाले हैं। उनका मानना है कि गिल और जितेश शर्मा जैसे खिलाड़ियों को इस फैसले से गहरी चोट लगी होगी। उन्होंने कहा कि जो भी क्रिकेट खेल चुका है, वह समझ सकता है कि आखिरी वक्त में बाहर होना कितना निराशाजनक होता है।
टीम में नए नाम
इस टीम में ईशान किशन और रिंकू सिंह की वापसी ने समीकरण बदल दिए हैं। उथप्पा ने सवाल उठाया कि अगर ईशान को ओपनिंग का मौका मिला, तो संजू सैमसन की भूमिका क्या होगी। उनके मुताबिक, बार-बार आने वाले ऐसे सरप्राइज टीम संतुलन और खिलाड़ियों के आत्मविश्वास पर असर डाल सकते हैं। पूर्व क्रिकेटर ने चेताया कि अगर चयन में अनिश्चितता बढ़ी, तो यह आगे जाकर समस्या बन सकती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के मन में असुरक्षा का भाव नहीं आना चाहिए। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने टीम इंडिया को शुभकामनाएं दीं।
Read More : Bihar News: नितिन नबीन का पटना में भव्य रोड शो, उमड़ी भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़





