Youth Hockey Championship : भारतीय हॉकी में उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों का दबदबा लगातार मजबूत होता जा रहा है। इसी कड़ी में यूथ हॉकी फाइव-ए-साइड एशियन चैंपियनशिप के लिए आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है। ये सभी खिलाड़ी चंडीगढ़ में चल रहे कैंप में हिस्सा ले रहे हैं, जहां उनके प्रदर्शन के आधार पर 15 सदस्यीय भारतीय टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम 20 से 25 जुलाई तक ओमान के मस्कट में आयोजित होने वाली यूथ एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
राष्ट्रीय कैंप के लिए चुने गए खिलाड़ियों में लखनऊ के स्ट्राइकर शाहरुख अली, झांसी के स्ट्राइकर केतन कुशवाहा, वाराणसी के मिडफील्डर राहुल यादव, करमपुर के स्ट्राइकर प्रहलाद राजभर और मिडफील्डर रोमित पाल शामिल हैं।
Youth Hockey Championship
इन खिलाड़ियों का चयन देशभर के चुनिंदा 20 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में किया गया है। अब 18 जुलाई को अंतिम टीम घोषित की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों में रोमित पाल, जो सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज से जुड़े हैं, को छोड़कर बाकी चार खिलाड़ी लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल के प्रशिक्षु हैं। यह हॉस्टल विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में संचालित होता है और पिछले कुछ वर्षों में यहां से कई प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं। खिलाड़ियों की इस सफलता ने प्रदेश की खेल व्यवस्था और प्रशिक्षण प्रणाली को नई पहचान दी है।
भारतीय टीम के रहेंगे साथ
लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल का संचालन करने वाले पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और उत्तर प्रदेश हॉकी के महासचिव रजनीश मिश्रा भी भारतीय टीम के साथ बतौर कोच मस्कट जाएंगे। उनका कहना है कि हाल के वर्षों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी भारतीय हॉकी के लगभग हर आयुवर्ग में जगह बना रहे हैं, जो प्रदेश में खेल प्रतिभाओं के बेहतर विकास का प्रमाण है। इन पांचों खिलाड़ियों में से अधिकांश पहले भारत की अंडर-18 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में यूथ एशियन चैंपियनशिप में भी भारतीय टीम से मजबूत प्रदर्शन और खिताब की उम्मीद की जा रही है।
प्रदेश में हॉकी का बढ़ रहा है कद
उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के अध्यक्ष आरपी सिंह ने खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय टीम में प्रदेश के खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उनके अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश की हॉकी लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है और आने वाले वर्षों में यह सिलसिला और आगे बढ़ेगा।
Read More : Banda News: बुंदेलखंड को बनाएंगे धरती का स्वर्ग, निवेश से रुका पलायन; सीएम योगी का सपा पर तीखा हमला




