Home » स्पोर्ट्स » Women Asia Cup 2026: महिला क्रिकेट टीम के एशिया कप जीतने पर लगा बधाईयों का तांता, प्रधानमंत्री सहित इन हस्तियों ने बढ़ाया हौसला

Women Asia Cup 2026: महिला क्रिकेट टीम के एशिया कप जीतने पर लगा बधाईयों का तांता, प्रधानमंत्री सहित इन हस्तियों ने बढ़ाया हौसला

Women Asia Cup 2026

Women Asia Cup 2026 : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया कप का खिताब अपने नाम किया, तो देशभर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर टीम इंडिया ने रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की। जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश की कई बड़ी हस्तियों ने भारतीय खिलाड़ियों के जज्बे और प्रदर्शन की जमकर सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला टीम को जीत की बधाई देते हुए इसे भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल बताया।

Women Asia Cup 2026

उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम का आत्मविश्वास, निरंतरता और शानदार जज्बा साफ नजर आया। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि भारतीय महिला टीम की यह उपलब्धि देश के लाखों युवाओं को खेल के प्रति आकर्षित करेगी और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

Women Asia Cup 2026

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी महिला टीम को एशिया कप चैंपियन बनने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में एकजुट होकर बेहतरीन खेल दिखाया और सभी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति ने भारतीय महिला क्रिकेटरों को देश का मान बढ़ाने वाला बताया और कहा कि वे खास तौर पर देश की बेटियों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी टीम इंडिया की उपलब्धि पर खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला टीम ने एशियाई क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। आठवीं बार एशिया कप जीतने पर उन्होंने चैंपियन खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम के दबदबे ने देशवासियों को रोमांचित किया और लाखों लोगों को प्रेरणा दी।

श्रीलंका को 72 रन से दी मात

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 183 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 20 ओवर में 111 रन ही बना पाई। भारत ने मुकाबला 72 रन से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।

जीत की मजबूत नींव

भारतीय पारी में शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी की। शेफाली ने 68 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि स्मृति मंधाना ने 59 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 129 रन की बड़ी साझेदारी कर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसी आधार पर टीम इंडिया बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी समारोह को लेकर भी चर्चा तेज हो गई। रिपोर्टों के मुताबिक भारतीय महिला टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। हालांकि, इस विवाद से अलग मैदान पर भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरी तरह चर्चा के केंद्र में रहा।

आठवीं बार रचा इतिहास

भारतीय महिला टीम के लिए यह जीत सिर्फ एक और खिताब नहीं, बल्कि एशिया कप में उसके दबदबे की एक और मिसाल है। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने लगातार मजबूत प्रदर्शन किया और फाइनल में भी श्रीलंका को एकतरफा अंदाज में मात दी। अब इस ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और भारतीय महिला क्रिकेट को लेकर उम्मीदें दोनों और मजबूत हुई हैं।

Read More : Vaibhav Suryavanshi अफगानिस्तान के खिलाफ आज रच सकते हैं इतिहास, टूट सकता है सबसे कम उम्र में रिकॉर्ड

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?