WhatsApp : अगर आप काम के दौरान WhatsApp Web का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। कंपनी अब वेब वर्जन पर कॉलिंग फीचर को और विस्तार देने जा रही है। जल्द ही यूजर्स सिर्फ मैसेज ही नहीं, बल्कि सीधे ब्राउज़र से ग्रुप वॉइस और वीडियो कॉल भी कर सकेंगे। इसके बाद कॉलिंग के लिए मोबाइल फोन या अलग से ऐप की जरूरत नहीं रहेगी।
अब तक WhatsApp पर ग्रुप कॉल करने के लिए स्मार्टफोन अनिवार्य था, लेकिन नए अपडेट के बाद यह झंझट खत्म हो सकता है। यूजर किसी भी ब्राउज़र पर लॉगइन करके कॉल शुरू कर पाएंगे। खास बात यह है कि इसके लिए लैपटॉप या पीसी में WhatsApp ऐप इंस्टॉल करना भी जरूरी नहीं होगा।
WhatsApp वेब पर जल्द आ रहा ये फीचर
इस नए फीचर से उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो ऑफिस, साइबर कैफे या किसी साझा कंप्यूटर से काम करते हैं। ऐसे यूजर्स अक्सर निजी फोन या ऐप इंस्टॉल करने से बचते हैं। अब वे सीधे वेब ब्राउज़र से कॉल कर सकेंगे और अपने काम के साथ बातचीत भी आसानी से कर पाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp Web पर कॉलिंग के साथ नोटिफिकेशन कंट्रोल भी दिया जाएगा। यूजर्स यह तय कर सकेंगे कि उन्हें किस तरह की कॉल अलर्ट चाहिए और किसे म्यूट रखना है। इससे काम के दौरान बार-बार आने वाली कॉल नोटिफिकेशन की परेशानी कम होगी।
टेस्टिंग में सामने आया फीचर का संकेत
हाल ही में टेस्टिंग के दौरान WhatsApp Web के ग्रुप चैट सेक्शन में कॉलिंग से जुड़ा एक नया इंटरफेस देखा गया है। सामने आए स्क्रीनशॉट से साफ संकेत मिलते हैं कि कंपनी वेब क्लाइंट पर सीधे ग्रुप कॉलिंग का विकल्प जोड़ने की तैयारी में है। इससे पहले भी इस फीचर की झलक दिखी थी, लेकिन तब यह सिर्फ पर्सनल कॉल तक सीमित था। सूत्रों के अनुसार, WhatsApp Web पर ग्रुप कॉलिंग में वही लिमिट लागू हो सकती है जो मोबाइल ऐप पर है। माना जा रहा है कि एक कॉल में अधिकतम 32 लोग शामिल हो सकेंगे। हालांकि, शुरुआती चरण में कंपनी इसे 8 या 16 लोगों तक सीमित रख सकती है और बाद में संख्या बढ़ाई जा सकती है।
रोलआउट को लेकर क्या है उम्मीद?
फिलहाल, कंपनी ने आधिकारिक लॉन्च डेट साझा नहीं की है, लेकिन जिस तरह से फीचर टेस्टिंग में नजर आ रहा है, उससे माना जा रहा है कि इसे जल्द ही सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा सकता है। यह अपडेट WhatsApp Web को पहले से कहीं ज्यादा उपयोगी और मजबूत बना देगा।
Read More : Apple दे रहा iPhone पर बड़ी छूट, डिस्काउंट बना रहा दमदार डील





