Vaibhav Suryavanshi : जिम्बाब्वे के बुलावायो स्थित क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज भारतीय टीम के लिए पूरी तरह नियंत्रण भरे अंदाज में हुआ। कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतते ही पहले गेंदबाजी का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित कर दिखाया। अमेरिकी टीम तय ओवर भी नहीं खेल सकी और 35.2 ओवर में 107 रन पर ढेर हो गई।
भारतीय गेंदबाजी की अगुवाई हेनिल पटेल ने की, जिन्होंने अपनी सटीक लाइन-लेंथ से अमेरिकी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। हेनिल ने पांच विकेट झटककर विपक्षी टीम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। दूसरे छोर से भारतीय गेंदबाजों ने भी दबाव बनाए रखा, जिससे अमेरिका का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं सका।
Vaibhav Suryavanshi 2 रन बनाकर सस्ते में लौटे पवेलियन
मैच में सबकी निगाहें 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर टिकी थीं। बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी वैभव ने अपनी उपयोगिता साबित की। अपने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने नितीश रेड्डी सुदिनी को आउट कर भारत को अहम सफलता दिलाई और अमेरिकी पारी को समेटने में योगदान दिया। छोटे लक्ष्य के बावजूद भारतीय पारी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। ओपनर वैभव सूर्यवंशी, जिनसे बड़ी पारी की आस थी, सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। उनका जल्दी पवेलियन लौटना दर्शकों के लिए चौंकाने वाला रहा, क्योंकि पिछले एक साल में उन्होंने लगातार रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाए हैं।
इतिहास रचने का था मौका
इस मैच में वैभव के पास इतिहास रचने का मौका था। अगर वह चार रन और बना लेते तो अंडर-19 यूथ वनडे में विराट कोहली के 978 रनों का रिकॉर्ड पीछे छूट जाता। फिलहाल वैभव 19 पारियों में 975 रन पर पहुंच चुके हैं, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। भारत के लिए यूथ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में विजय जोल, यशस्वी जायसवाल, तन्मय श्रीवास्तव, उन्मुक्त चंद और शुभमन गिल जैसे नाम शामिल हैं। इसी फेहरिस्त में विराट कोहली और अब वैभव सूर्यवंशी भी टॉप-10 में अपनी जगह बना चुके हैं।
अगले मैच में दो बड़े लक्ष्य
वैभव के सामने अब अगला मुकाबला बेहद खास होगा। चार रन बनाते ही वह कोहली का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, वहीं 25 रन पूरे करते ही यूथ वनडे में 1000 रन का आंकड़ा भी छू लेंगे। ऐसा करने पर वह भारत के तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बनेंगे।
Read More : UP में उत्तर-से-दक्षिण कनेक्टिविटी के लिए 6 नए नार्थ-साउथ कारीडोर को मिली हरी झंडी, CM की मंजूरी





