Uttarakhand Weather : उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को मौसम करवट ले सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के संकेत हैं, जबकि मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फ गिरने के आसार हैं। खासतौर पर ऊंचाई वाले गांवों और पर्वत चोटियों पर मौसम ज्यादा प्रभाव दिखा सकता है। स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि समुद्र तल से 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना ज्यादा है। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, औली और आसपास के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फ की नई चादर बिछ सकती है। इससे ठंड बढ़ने के साथ-साथ पर्वतीय इलाकों में आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है।
Uttarakhand में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
आने वाले कुछ दिनों की बात करें तो 4 फरवरी तक प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का यही स्वरूप बना रहने की संभावना है। कहीं हल्की बर्फबारी तो कहीं बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि यह गतिविधि ज्यादा तीव्र नहीं होगी। राहत की खबर यह है कि 5 फरवरी के बाद मौसम के शुष्क होने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है और ठंड से कुछ हद तक राहत मिलेगी। मैदानी इलाकों में सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, लेकिन दिन में धूप राहत देगी।
दिनांक 28.01.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/wsUstRdceU
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) January 31, 2026
शुक्रवार को धूप ने बढ़ाया पारा
शुक्रवार को प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली। मैदान से लेकर पहाड़ तक धूप निकलने से तापमान में अच्छी-खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दिन की चटक धूप का असर रात के तापमान पर भी साफ नजर आया। देहरादून में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यही स्थिति अन्य जिलों में भी रही, जहां ठंड कुछ कम महसूस की गई।
मौसम के इस बदलते रुख को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में सफर करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेना जरूरी माना जा रहा है।
Read More : Uttarakhand: कार्बेट की वाइल्ड लाइफ में पेड़ पर चढ़ा बाघ!





