Uttarakhand : चारधामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भी उत्तराखंड में तीर्थयात्रा की रफ्तार थमी नहीं है। बर्फ से ढके पहाड़ों और कड़ाके की ठंड के बीच श्रद्धालुओं की आस्था लगातार आगे बढ़ रही है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर अब तक 34 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह आंकड़ा साफ संकेत देता है कि अब तीर्थयात्रा केवल गर्मियों तक सीमित नहीं रही।
पिछले वर्ष शुरू हुई शीतकालीन चारधाम यात्रा ने पहाड़ों के पर्यटन की दिशा ही बदल दी है। कभी सर्दियों में वीरान नजर आने वाले ये क्षेत्र अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गुलजार रहने लगे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिए जाने के बाद राज्य सरकार ने इसे योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया। नतीजा यह है कि सर्द मौसम भी आस्था के कदम नहीं रोक पा रहा।
Uttarakhand: चारधाम शीतकालीन यात्रा
चारधामों से जुड़े ऊखीमठ, पांडुकेश्वर, जोशीमठ, मुखवा और खरसाली जैसे शीतकालीन प्रवास स्थल इन दिनों धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बने हुए हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, कपाट बंद होने के बाद से अब तक 34,140 श्रद्धालु इन स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं, जबकि अभी करीब ढाई महीने का शीतकालीन यात्रा काल शेष है।
ऊखीमठ बना श्रद्धालुओं की पहली पसंद
शीतकालीन यात्रा में बाबा केदारनाथ के गद्दीस्थल ऊखीमठ ने सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं को आकर्षित किया है। ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार की पूजा-अर्चना के लिए अब तक 20 हजार से अधिक भक्त पहुंच चुके हैं। चारधाम यात्रा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार रोजाना एक से डेढ़ हजार श्रद्धालु शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंच रहे हैं।
बारहमासी पर्यटन की दिशा में आगे बढ़ रहा है उत्तराखंड..! pic.twitter.com/rX0UMZBiuV
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 20, 2025
पिछले साल से ज्यादा उत्साह
पिछले शीतकालीन सत्र 2024-25 में कुल 73,381 तीर्थयात्री पहुंचे थे। इस बार शुरुआती महीनों में ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी यह संकेत दे रही है कि आंकड़े और बेहतर हो सकते हैं। लगातार दूसरे वर्ष शीतकालीन यात्रा का सफल संचालन राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
शीतकालीन यात्रा ने उत्तराखंड में बारहमासी पर्यटन की नींव रख दी है। प्रधानमंत्री के प्रयासों और राज्य सरकार की योजनाओं से पर्यटन कारोबार को नया जीवन मिला है। सरकार शीतकालीन यात्रा को और मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि आस्था के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सके- पुष्कर सिंह धामी, CM, उत्तराखंड
Read More : Union Budget से उत्तराखंड को बड़ी उम्मीदें, सीएम धामी बोले





