UP News : कुशीनगर जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों से लौट रहे युवकों के परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। हाईवे पर ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सात युवक हाटा नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर चार, अहिरौली तुलादास में आयोजित एक पार्टी में शामिल होकर वापस हाटा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार हाटा कोतवाली से करीब एक किलोमीटर पूरब हाईवे पर स्थित एक मैरेज हॉल के सामने पहुंची, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
UP के कुशीनगर में सड़क हादसा
इस दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय हरी, निवासी अहिरौली तुलादास, 20 वर्षीय नितीश, निवासी पिपरा कपूर और 26 वर्षीय अमन, निवासी अहिरौली तुलादास की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। अपनों को खोने का गम परिवारों पर पहाड़ बनकर टूट पड़ा। हादसे में सूरज वर्मा (22), शैलेश वर्मा (18), मुकेश वर्मा (19) और विकास वर्मा (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी हाटा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, लेकिन स्पीड कंट्रोल और निगरानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। आए दिन होने वाली दुर्घटनाएं प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, गांव और मोहल्ले में तीन युवकों की मौत से सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।





